सीएम धामी ने किया जनसेवा शिविर का निरीक्षण, अधिकारियों को दिए समयबद्ध सेवा के निर्देश

उत्तराखंड राज्य

चंपावत। जनपद चंपावत में 15 दिवसीय ‘सेवा पखवाड़ा’ अभियान के अंतर्गत रविवार को टनकपुर के बूम-शारदा घाट, ऊंचौलीगोठ में बहु-विभागीय जनसेवा शिविर का आयोजन किया गया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की उपस्थिति में आयोजित इस शिविर में 2362 नागरिकों ने विभिन्न सरकारी योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ प्राप्त किया।

मुख्यमंत्री ने शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया और लाभार्थियों से संवाद किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी पात्र व्यक्तियों तक जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ सरल, पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से पहुंचाया जाए।

शिविर में विभिन्न विभागों की ओर से योजनाओं की जानकारी, आवेदन प्रक्रिया, प्रमाण-पत्र और अन्य सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई गईं। प्रशासन द्वारा ‘ऑन-द-स्पॉट’ व्यवस्था के तहत 154 शिकायतों एवं समस्याओं का मौके पर ही निस्तारण किया गया।

ग्राम्य विकास एवं पंचायतीराज विभाग ने आवश्यक प्रमाण-पत्र जारी किए, जबकि उरेडा, बाल विकास और ग्राम्य विकास विभाग ने पात्र लाभार्थियों को विभिन्न योजनाओं से जोड़कर तत्काल लाभ प्रदान किया।

प्रशासन के अनुसार यह सेवा पखवाड़ा अभियान 18 जुलाई तक जारी रहेगा। इस दौरान जिले के विभिन्न क्षेत्रों में इसी प्रकार के शिविर आयोजित कर आमजन को सरकारी सेवाएं उनके निकट उपलब्ध कराई जाएंगी।

शिविर में दर्जा राज्य मंत्री श्याम नारायण पांडे, सुभाष बगौली, हेमा जोशी, मुकेश महराना, हुकुम सिंह कुँवर, जिला पंचायत अध्यक्ष आनंद सिंह अधिकारी, जिलाधिकारी मनीष कुमार, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. जी.एस. खाती सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *