राहुल गांधी पर बरसे CM धामी, बोले- अजीत डोभाल पर टिप्पणी से पूरा उत्तराखंड आहत

उत्तराखंड राज्य

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर हमला बोलते हुए कहा कि उन्होंने सनातन को गाली देने, उसे कमजोर करने और सैनिकों व सेना के पराक्रम पर सवाल उठाने को अपनी राजनीति का हिस्सा बना लिया है।

बदरीनाथ में राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल पर राहुल गांधी की टिप्पणी को लेकर धामी ने कहा कि डोभाल उत्तराखंड के गौरव हैं और उन्होंने देश की सेवा के लिए अपना जीवन समर्पित किया है।

धामी ने कहा कि राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल के लिए राहुल गांधी ने जिस निम्न भाषा का प्रयोग किया है, उससे पूरा उत्तराखंड और देश आहत है। उन्होंने कहा कि डोभाल जैसे व्यक्ति, जिन्होंने देश की सुरक्षा के लिए महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है, उनके प्रति इस तरह की भाषा का इस्तेमाल केवल उत्तराखंड ही नहीं, बल्कि पूरे देश की भावनाओं को चोट पहुंचाता है।

मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी कभी विदेश जाकर भारत की खिल्ली उड़ाते हैं तो आए दिन देश की सेना, सैनिकों और उनके पराक्रम पर सवाल उठाते हैं। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड सैन्य बहुल प्रदेश है और यहां के लोगों का सेना तथा सैनिकों के साथ गहरा भावनात्मक जुड़ाव है।

ऐसे में प्रदेश के सम्मान और सैनिकों की भावनाओं से खिलवाड़ का जनता लोकतांत्रिक तरीके से कांग्रेस को जवाब देगी। धामी ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की माता को लेकर राहुल गांधी की कथित टिप्पणी का भी उल्लेख किया।

उन्होंने कहा कि जिस भाषा का प्रयोग प्रधानमंत्री की मां के लिए किया गया, उससे मातृशक्ति आहत हुई है। मुख्यमंत्री ने इसे महिलाओं के प्रति कांग्रेस और राहुल गांधी की सोच से जोड़ते हुए कहा कि ऐसे बयानों से उनकी मानसिकता सामने आती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *