जनसुनवाई से मंदिर दर्शन तक: खटीमा में सीएम धामी का व्यस्त दौरा

उत्तराखंड राज्य

खटीमा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को खटीमा भ्रमण के दूसरे दिन अपने निजी आवास पर जनता एवं जनप्रतिनिधियों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने लोगों का कुशलक्षेम जाना और उनकी समस्याएं विस्तार से सुनीं।

मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को सभी समस्याओं के त्वरित और प्रभावी समाधान के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनसमस्याओं का समाधान सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है, इसलिए प्रत्येक शिकायत का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।

इस अवसर पर क्षेत्रीय जनता एवं जनप्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री धामी के नेतृत्व में सरकार के पांच वर्ष पूर्ण होने पर उनका स्वागत किया। लोगों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर और जोरदार नारों के साथ मुख्यमंत्री को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

इसके उपरांत मुख्यमंत्री चकरपुर पहुंचे, जहां उन्होंने वनखंडी महादेव मंदिर में जलाभिषेक कर पूजा-अर्चना की। उन्होंने प्रदेश एवं देश की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।

इस कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, दर्जा मंत्री अनिल कपूर डब्बू, नगर पालिका अध्यक्ष रमेश चंद्र जोशी, सतीश भट्ट, अमित नारंग, भवानी भंडारी, सुरेश कोली सहित अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

इसके अलावा जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति, डीएफओ हिमांशु बागड़ी, मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शाशनी, अपर जिलाधिकारी पंकज उपाध्याय, उप जिलाधिकारी तुषार सैनी एवं गौरव पांडेय सहित अनेक अधिकारी भी मौजूद रहे।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय जनता एवं जनप्रतिनिधियों की भी उपस्थिति रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *