सीमावर्ती क्षेत्रों के विकास पर सीएम धामी की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक

उत्तराखंड राज्य

देहरादून/नई दिल्ली स्थित उत्तराखंड निवास में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सीमावर्ती क्षेत्रों में व्यापार, आवागमन और आधारभूत ढांचे के सुदृढ़ीकरण को लेकर उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। इस बैठक में लैंड पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया के अध्यक्ष जयंत सिंह सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने बनबसा (गुदमी) क्षेत्र में भारत-नेपाल सीमा पर निर्माणाधीन आधुनिक लैंड पोर्ट परियोजना की प्रगति की विस्तृत जानकारी ली। इस परियोजना को एशियन हाईवे से जोड़ने की योजना है, जिससे अंतरराष्ट्रीय कनेक्टिविटी को नई मजबूती मिलेगी और सीमा पार व्यापार को बढ़ावा मिलेगा।

मुख्यमंत्री ने धारचूला और झूलाघाट जैसे महत्वपूर्ण सीमावर्ती क्षेत्रों में व्यापार, आवागमन और आधारभूत सुविधाओं के विकास को लेकर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि इन क्षेत्रों में ढांचागत सुधार से स्थानीय लोगों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और आर्थिक गतिविधियों को गति प्राप्त होगी।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने स्पष्ट किया कि सभी विकास कार्यों को स्थानीय आवश्यकताओं और जनहित को प्राथमिकता देते हुए आगे बढ़ाया जाए। उन्होंने कहा कि इससे न केवल स्थानीय उत्पादों को बेहतर बाजार उपलब्ध होगा, बल्कि क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था मजबूत होगी और रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सीमावर्ती क्षेत्रों में चल रही सभी परियोजनाओं को समयबद्ध और व्यवस्थित तरीके से पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि इन कार्यों का उद्देश्य व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा देना और आम नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना होना चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *