उत्तराखंड में कांग्रेस ने राज्यव्यापी जन-जागरण अभियान की घोषणा की

उत्तराखंड राज्य

देहरादून। उत्तराखंड में बढ़ते भ्रष्टाचार, महिला अपराध, बेरोज़गारी और प्रशासनिक अराजकता के खिलाफ कांग्रेस ने निर्णायक संघर्ष का ऐलान कर दिया है।

प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में आयोजित महत्वपूर्ण बैठक के बाद प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत सहित शीर्ष नेताओं ने संयुक्त प्रेस वार्ता कर भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला।

प्रेस वार्ता में कांग्रेस नेताओं ने एक स्वर में कहा कि राज्य आज अपने सबसे बुरे दौर से गुजर रहा है। भाजपा सरकार ने भ्रष्टाचार, अन्याय, उत्पीड़न, महिला अपराधों में बेतहाशा वृद्धि और नौकरियों की खुली बंदरबांट को अपनी पहचान बना लिया है। सरकार जनता के प्रति जवाबदेह होने के बजाय भ्रष्टाचारियों और अपराधियों को संरक्षण देने में जुटी है।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि कांग्रेस पार्टी आगामी तीन महीनों तक राज्यव्यापी जन-जागरण अभियान चलाएगी, जिसमें युवा, महिलाएं, किसान, कर्मचारी और बेरोज़गारों को जोड़ा जाएगा। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने सत्ता को लूट, झूठ और दमन का औज़ार बना दिया है। आज उत्तराखंड भ्रष्टाचार की प्रयोगशाला, महिला असुरक्षा की राजधानी और बेरोज़गारी का गढ़ बन चुका है, जबकि मुख्यमंत्री मौन साधे बैठे हैं।

नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने कहा कि भाजपा सरकार की नाकामियां अब हर घर तक पहुंच चुकी हैं। किसान आत्महत्या कर रहे हैं और सरकार मूक दर्शक बनी हुई है। अंकिता भंडारी हत्याकांड से लेकर नौकरियों की बंदरबांट तक हर मामले में सरकार का चेहरा बेनकाब हुआ है। भाजपा का “डबल इंजन” उत्तराखंड के लिए डबल अत्याचार साबित हुआ है।

पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने कहा कि भाजपा सरकार ने उत्तराखंड की अस्मिता, संसाधनों और युवाओं के भविष्य के साथ विश्वासघात किया है। कांग्रेस अब चुप नहीं बैठेगी और राज्यव्यापी जन-जागरण के माध्यम से सरकार की हर नाकामी को जनता के सामने उजागर किया जाएगा। उन्होंने पार्टी के वर्तमान नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि कांग्रेस ही वह पार्टी है जो पीड़ितों के साथ खड़ी रहती है और न्याय की लड़ाई अंत तक लड़ती है।

चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने बताया कि जन-जागरण अभियान की कड़ी में 16 फरवरी को प्रदेशभर के मुद्दों को लेकर राजभवन का घेराव किया जाएगा, जिसमें पूरे प्रदेश से कांग्रेसजन और आम नागरिक भाग लेंगे। उन्होंने कहा कि यह आंदोलन जनता के हक़ की निर्णायक लड़ाई है।

चुनाव प्रबंध समिति के अध्यक्ष हरक सिंह रावत ने कहा कि संगठन पूरी तरह एकजुट है और यह जन आंदोलन गांव-गांव और शहर-शहर तक पहुंचाया जाएगा। सह प्रभारी सुरेंद्र शर्मा एवं मनोज यादव ने कहा कि भाजपा सरकार के जनविरोधी शासन के खिलाफ संघर्ष और तेज़ किया जाएगा। उन्होंने जानकारी दी कि 16 फरवरी के राजभवन घेराव कार्यक्रम के संयोजक प्रीतम सिंह होंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *