बेरीनाग में कांग्रेस की हुंकार: कुमारी सैलजा और यशपाल आर्य ने भ्रष्टाचार व महिला सुरक्षा पर धामी सरकार को घेरा

उत्तराखंड राज्य

बेरीनाग: कुमाऊं दौरे पर बेरीनाग पहुंचीं कांग्रेस की प्रदेश प्रभारी कुमारी सैलजा और नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने भाजपा की धामी सरकार के खिलाफ जमकर हमला बोला. कांग्रेस नेताओं ने प्रदेश में भ्रष्टाचार, महिला अपराध, बिगड़ती कानून व्यवस्था, जमीनों की खरीद-फरोख्त और धार्मिक स्थलों में चढ़ावे की कथित चोरी जैसे मुद्दों को लेकर सरकार को कठघरे में खड़ा किया. नेताओं ने आरोप लगाया कि प्रदेश की जनता सरकार से त्रस्त है. आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा को सत्ता से बाहर करने का मन बना चुकी है.

कांग्रेस प्रदेश प्रभारी कुमारी सैलजा का बेरीनाग पहुंचने पर कार्यकर्ताओं ने छोलिया नृत्य के साथ जोरदार स्वागत किया. इसके बाद नगर में रैली निकालकर उन्होंने जनता का अभिवादन किया. कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर चुनावी तैयारियों में जुटने का आह्वान किया. कुमारी सैलजा ने कहा धामी सरकार ने उत्तराखंड को पूरी तरह लूट लिया है. आज हर तरफ भ्रष्टाचार का बोलबाला है.

कुमारी सैलजा ने कहा महिलाओं के खिलाफ अपराध लगातार बढ़ रहे हैं. अंकिता भंडारी हत्याकांड का जिक्र करते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि मामले में न्याय को लेकर जनता के मन में आज भी सवाल हैं. उन्होंने जौलजीबी प्रकरण को लेकर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी पर विधायक हरीश धामी की आवाज दबाने और मुकदमे दर्ज कर लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन करने का आरोप लगाया.

नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने भी सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए महिला सशक्तीकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्य को निशाने पर लिया. उन्होंने विभाग में 210 करोड़ रुपये के कथित भ्रष्टाचार का मुद्दा उठाते हुए सरकार से जवाब मांगा. आर्या ने कहा जब राजधानी में महिलाएं सुरक्षित नहीं हैं तो गंगोलीहाट जैसे दूरस्थ पहाड़ी क्षेत्रों में सुरक्षा की स्थिति का अंदाजा लगाया जा सकता है.

उन्होंने केदारनाथ और बदरीनाथ धाम में चढ़ावे की कथित चोरी का मामला उठाते हुए सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े किए. उन्होंने आरोप लगाया कि यह सरकार आम जनता की नहीं, बल्कि अमीरों के हितों को साधने वाली सरकार बनकर रह गई है. उन्होंने मुख्यमंत्री पर प्रदेश की जमीनों की खरीद-फरोख्त और संसाधनों को लेकर भी गंभीर आरोप लगाए. उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का एकमात्र लक्ष्य उत्तराखंड को लूटना है, क्योंकि उन्हें दोबारा सत्ता में आने का भरोसा नहीं है.

इससे पहले कुमारी शैलजा ने बेरीनाग में आंदोलनरत व्यापारियों के बीच पहुंचकर उनके आंदोलन को समर्थन दिया. उन्होंने आश्वासन दिया कि प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनने पर व्यापारियों की मांगों को एक महीने के भीतर पूरा किया जाएगा.

22 नवंबर को देहरादून में बड़ी बैठक: कांग्रेस की प्रदेश प्रभारी पांच दिवसीय दौरे पर उत्तराखंड पहुंची हैं. 22 नवंबर को सैलजा देहरादून में वरिष्ठ नेताओं के साथ आगामी चुनावी रणनीति को लेकर चर्चा करेंगी. साथ ही अब तक के दौरों पर समीक्षा की जाएगी. इसके अलावा उन जिलों में भी चर्चा की जाएगी, जहां पर उनका दौरा होना बाकी रह गया है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *