अनियमित आपूर्ति, देरी और फर्जी डिलीवरी के आरोप; जल्द समाधान न होने पर आंदोलन की चेतावनी
अयोध्या। वैवाहिक सीजन के बीच शहर में रसोई गैस सिलेंडरों की किल्लत ने आम उपभोक्ताओं की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। इसी समस्या को लेकर कांग्रेस नेताओं ने जिला पूर्ति अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर जल्द समाधान की मांग की।
महानगर कांग्रेस अध्यक्ष सुनील कृष्ण गौतम के नेतृत्व में दिए गए ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि गैस एजेंसियों द्वारा अनियमित आपूर्ति, डिलीवरी में देरी और फर्जी डिलीवरी जैसी गंभीर समस्याएं सामने आ रही हैं। नेताओं का कहना है कि कागजों में सिलेंडर की डिलीवरी दिखा दी जाती है, जबकि वास्तविक रूप से उपभोक्ताओं तक गैस नहीं पहुंच रही।
जिलाध्यक्ष चेतनारायण सिंह ने कहा कि विवाह समारोहों की अधिकता के इस समय में भी लोगों को समय पर गैस सिलेंडर नहीं मिल पा रहा है, जिससे उन्हें भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने प्रशासन से व्यवस्था में तत्काल सुधार करने की मांग की।
सुनील कृष्ण गौतम ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द ही समस्या का समाधान नहीं किया गया तो कांग्रेस पार्टी आंदोलन के लिए बाध्य होगी। वहीं, पीसीसी सदस्य उग्रसेन मिश्रा ने सुझाव दिया कि जिन परिवारों में विवाह जैसे महत्वपूर्ण कार्यक्रम निर्धारित हैं, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर गैस सिलेंडर उपलब्ध कराया जाए।
कांग्रेस नेताओं ने प्रशासन से गैस सिलेंडरों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने, डिलीवरी प्रक्रिया में पारदर्शिता लाने और दोषी एजेंसियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की।
ज्ञापन सौंपने के दौरान सेवा दल महानगर अध्यक्ष बसंत मिश्रा, जिओ हैदर, पूर्व सभासद जनार्दन मिश्रा, धर्मेंद्र सिंह फास्टर, अशोक कुमार राय, विवेक प्रताप शर्मा, कल्लू शर्मा, वीरू सिंह, अनिल सोनकर, विशाल दुबे और सतीश सिंह सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।
