सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी से गढ़वाल राइफल्स के कर्नल ऑफ द रेजिमेंट की शिष्टाचार भेंट

उत्तराखंड राज्य

देहरादून। देहरादून के न्यू कैंट रोड स्थित शासकीय आवास पर शुक्रवार को सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी से गढ़वाल राइफल्स के कर्नल ऑफ द रेजिमेंट लेफ्टिनेंट जनरल दिनेश सिंह राणा ने शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान जनरल राणा ने मंत्री को सेना का स्मृति चिन्ह भेंट किया।

बैठक के दौरान लेफ्टिनेंट जनरल डी.एस. राणा ने लैंसडाउन स्थित गढ़वाल राइफल्स रेजिमेंटल सेंटर में आयोजित कार्यक्रमों के लिए आभार व्यक्त किया।

उन्होंने कार्यक्रम के दौरान की गई घोषणाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा करने, पूर्व सैनिकों को सेवानिवृत्ति के बाद अधिक रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने तथा वीरता चक्र विजेताओं की सम्मान राशि बढ़ाने का आग्रह किया।

उन्होंने जनपद टिहरी के चंबा में स्थित गब्बर सिंह मेमोरियल के सुधारीकरण पर भी चर्चा की। इसके साथ ही पूर्व सैनिकों के साथ भूमि संबंधी मामलों में हो रही धोखाधड़ी को रोकने के लिए ठोस कदम उठाने की आवश्यकता पर बल दिया।

बैठक में चारधाम यात्रा मार्ग पर पूर्व सैनिकों के लिए सीजनल रोजगार के अवसर सृजित करने और उन्हें स्वरोजगार से जोड़ने पर भी विचार-विमर्श किया गया।

सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने सैन्यधाम में प्रत्येक 15 दिन में आर्मी बैंड शो आयोजित करने की व्यवस्था बनाने, सेरामोनियल ड्रेस के साथ प्रतिदिन गार्ड रिट्रीट आयोजित करने तथा 15 जनवरी को आर्मी डे के अवसर पर देहरादून में फुल रिहर्सल परेड कराने के विषय में भी सेना अधिकारियों से चर्चा की। उन्होंने सैन्यधाम के संग्रहालय के लिए गढ़वाल राइफल्स से सहयोग का भी अनुरोध किया।

बैठक में उपनल के प्रबंध निदेशक ब्रिगेडियर जेएनएस बिष्ट (सेनि), 127वीं टेरिटोरियल आर्मी के कमान अधिकारी कर्नल प्रफुल थपलियाल सहित अन्य सैन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *