नैनीताल/हल्द्वानी में न्यायालयों को बम धमकी, परिसर खाली कराया गया

उत्तराखंड राज्य

नैनीताल/हल्द्वानी। उत्तराखंड के नैनीताल जिले में सोमवार सुबह न्यायालयों को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद हड़कंप मच गया। धमकी भरा ईमेल मिलने के बाद एहतियातन जिला एवं सत्र न्यायालय नैनीताल, रामनगर कोर्ट और हल्द्वानी के जजी कोर्ट परिसर को तत्काल खाली करा दिया गया। पुलिस और बम निरोधक दस्ता मौके पर पहुंचा और सघन तलाशी अभियान शुरू किया गया।

जानकारी के अनुसार, यह धमकी भरा ईमेल 16 फरवरी सुबह 8:41:53 बजे कथित रूप से sunniya_dasan@outlook.com आईडी से जिला जज नैनीताल के आधिकारिक ईमेल पर भेजा गया। मेल में लिखा गया था कि न्यायालय परिसर में जज के चैंबर में “12 आरडीएक्स आईईडी” लगाए गए हैं, जो जल्द ही विस्फोट कर सकते हैं। साथ ही दोपहर 12:15 बजे तक सभी को परिसर खाली कराने की चेतावनी दी गई थी। मेल हिंदी और अंग्रेजी दोनों भाषाओं में भेजा गया था।

बताया जाता है कि मेल सरकारी ईमेल पर प्राप्त हुई थी, जिसमें कथित रूप से पाकिस्तान की आईडी का जिक्र किया गया है। ईमेल में तमिलनाडु में ईडब्ल्यूएस आरक्षण को लेकर भी आपत्तिजनक टिप्पणी की गई थी। साथ ही मेल में एलटीटीई और पाकिस्तान आईएसआई का भी उल्लेख किया गया है।

धमकी की सूचना मिलते ही दोपहर तक नैनीताल, रामनगर और हल्द्वानी के न्यायालय परिसरों को खाली करा लिया गया। दोपहर 1:30 बजे तक स्थिति पूरी तरह सामान्य नहीं हो सकी थी। इस दौरान हल्द्वानी कोर्ट परिसर में कोतवाल विजय मेहता और एसपी क्राइम मनोज कत्याल पहुंचे और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।

नैनीताल जिला एवं सत्र न्यायालय परिसर में बम स्क्वॉड और डॉग स्क्वॉड की टीमों ने चारों ओर गहन तलाशी ली। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, फिलहाल जांच जारी है और साइबर टीम ईमेल की सत्यता व स्रोत की जांच कर रही है।

पुलिस प्रशासन ने आमजन और अधिवक्ताओं से अफवाहों पर ध्यान न देने और शांति बनाए रखने की अपील की है। प्रारंभिक जांच में किसी भी संदिग्ध वस्तु की पुष्टि नहीं हुई है, हालांकि सुरक्षा के मद्देनज़र व्यापक तलाशी अभियान चलाया गया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए सुरक्षा एजेंसियां ईमेल के स्रोत और संभावित साजिश के पहलुओं की गहराई से जांच कर रही हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *