पूर्व प्रधान व इण्टर कालेज के प्रबंधक राम आसरे उर्फ सीटी पांडेय का निधन, क्षेत्र में शोक की लहर

उत्तर प्रदेश राज्य

जौनपुर ब्यूरो,, सुनील मिश्रा

जौनपुर। जनपद के महराजगंज ब्लॉक अंतर्गत सवंसा गांव निवासी एवं पूर्व प्रधान राम आसरे उर्फ सीटी पांडेय का आज निधन हो गया। उनके निधन की सूचना मिलते ही पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। बड़ी संख्या में लोग उनके आवास पर पहुंचकर अंतिम दर्शन कर श्रद्धांजलि अर्पित कर रहे हैं।

स्वर्गीय श्री पांडेय लंबे समय तक गांव के प्रधान रहे और अपने कार्यकाल में विकास कार्यों को गति देने के लिए जाने जाते थे। वे ईंट भट्ठा व्यवसाय से जुड़े थे और जय मां ईंट उद्योग के संचालक के रूप में क्षेत्र में अपनी अलग पहचान रखते थे।

शिक्षा के क्षेत्र में भी उनका योगदान उल्लेखनीय रहा। उन्होंने अपने प्रयासों से विपिन कुमार पांडेय बालिका इंटर कॉलेज, सवंसा (महराजगंज) की स्थापना कराई, जो आज क्षेत्र की बालिकाओं को शिक्षा प्रदान कर रहा है। उनके इस योगदान को क्षेत्रवासी हमेशा याद रखेंगे।

स्वर्गीय राम आसरे पांडेय एक सरल, मिलनसार और समाजसेवी व्यक्तित्व के धनी थे। वे हर वर्ग के लोगों के सुख-दुख में सहभागी रहते थे, जिसके कारण क्षेत्र में उनकी मजबूत सामाजिक पहचान थी। उनके निधन से क्षेत्र ने एक कर्मठ, जुझारू एवं लोकप्रिय जनप्रतिनिधि को खो दिया है।

वे अपने पीछे भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। शोक संवेदना व्यक्त करने वालों का तांता लगा हुआ है। क्षेत्रीय गणमान्य नागरिकों ने उनके निधन को अपूरणीय क्षति बताया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *