राम मंदिर चढ़ावा घोटाले पर डिंपल यादव का आया बयान, कहा – ‘दोषी कोई भी हो सब पर कार्रवाई होनी चाहिए’

उत्तर प्रदेश राज्य

उत्तर प्रदेश की मैनपुरी संसदीय सीट से सांसद और अखिलेश यादव की धर्मपत्नी डिंपल यादव ने राम मंदिर चढ़ावा चोरी मुद्दे को लेकर भारतीय जनता पार्टी पर जोरदार निशाना साधा है. डिंपल यादव ने कहा कि बीजेपी अहंकार में डूबी हुई है और आगामी विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी पूर्ण बहुमत से सरकार बनाएगी.

डिंपल यादव ने दावा किया कि अयोध्या में राम मंदिर का मुद्दा सबसे पहले समाजवादी पार्टी ने उठाया था. उन्होंने आरोप लगाया कि राम मंदिर निर्माण में करोड़ों का घोटाला हुआ है. उन्होंने कहा कि ‘जो राम नाम का सहारा लेकर सत्ता में आए थे, जब वे उन्हीं के नहीं हुए तो आम जनता के क्या होंगे?’ उन्होंने अयोध्या में कथित चोरी के मामले को करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था से जुड़ा बताया और कहा कि यह चोरी करीब तीन साल से हो रही थी.

डिंपल यादव ने शिक्षा व्यवस्था पर उठाए सवाल

मैनपुरी सांसद डिंपल यादव ने शिक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठाए. उन्होंने कहा कि बीजेपी सरकार ने करीब 25,000 स्कूल बंद कर दिए हैं और सरकार नहीं चाहती कि बच्चे पढ़ें-लिखें. उन्होंने नीट पेपर लीक मामले का जिक्र करते हुए कहा कि इसमें छात्रों ने अपनी जान तक दे दी, लेकिन केंद्र सरकार में शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने इस्तीफा नहीं दिया.

पीडीए कार्यकर्ता सम्मेलन में पहुंची थीं डिंपल यादव

आपको बता दें कि, जनपद मैनपुरी के कस्वा घिरोर के जसराना रोड स्थित उपकार कोल्ड स्टोर के प्रांगण में समाजवादी पार्टी के पीडीए कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन किया गया था, जिसमे मैनपुरी की सपा सांसद डिंपल यादव शिरकत करने पहुंची. डिंपल यादव ने उक्त बातें यहां पत्रकारों से रूबरू होते हुए कही है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *