नोएडा: कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर की थाना बिसरख पुलिस ने विदेश भेजने के नाम पर ठगी करने वाले फर्जी वीजा गिरोह का पर्दाफाश करते हुए एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से 8 पासपोर्ट, 90 विजिटिंग कार्ड, 24 फर्जी वीजा की फोटो कॉपी, 6 खाली वीजा लिफाफे, 37 SKY VISA VENTURE के लेटर पैड, एक फर्म रजिस्ट्रेशन, 2 फर्म सर्टिफिकेट, 2 कूट मोहर, 3 मोबाइल फोन और 47 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार अभियुक्त ने गौर सिटी मॉल में SKY VISA VENTURE नाम से कार्यालय खोल रखा था और कॉलिंग व अन्य माध्यमों से लोगों को विदेश भेजने का झांसा देता था। फिनलैंड, पोलैंड और रूस में नौकरी दिलाने के नाम पर लोगों से 80 हजार से 1 लाख रुपये तक वसूलकर उनके पासपोर्ट ले लिए जाते थे। बाद में फर्जी वीजा तैयार कर व्हाट्सएप के जरिए ग्राहकों को भेज दिए जाते थे।
इस संबंध में पीड़ित की शिकायत पर थाना बिसरख में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। लोकल इंटेलिजेंस और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस की मदद से पुलिस ने अभियुक्त सक्षम शर्मा उर्फ बिट्टू को एटीएस रोड स्थित साईं नर्सरी के सामने से गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में सामने आया कि अभियुक्त के खिलाफ पहले भी मेरठ और हरियाणा में धोखाधड़ी के मामले दर्ज हैं। पुलिस उसके फरार साथी राजीव शर्मा उर्फ सुरेंद्र की तलाश में जुटी है।
