आगरा के खंदौली ब्लॉक क्षेत्र में वास मोहन सहाय से बरहन तक बन रहे संपर्क मार्ग के निर्माण कार्य को लेकर किसानों ने धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया है। किसानों का आरोप है कि उनकी भूमि पर बिना उचित मुआवजे के सड़क निर्माण कराया जा रहा है, जो उनके संवैधानिक और संपत्ति संबंधी अधिकारों का उल्लंघन है।
भारतीय हलधर किसान यूनियन के प्रदेश अध्यक्ष कृष्ण गोपाल भदौरिया के नेतृत्व में दर्जनों किसानों ने अगरपुर रोड पर धरना शुरू किया। आंदोलनरत पदाधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर सड़क निर्माण कार्य रुकवाया और सड़क किनारे ही धरने पर बैठ गए। किसानों ने प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कहा कि बिना मुआवजा दिए भूमि पर जबरन कार्य कराना अन्यायपूर्ण है।
एसडीएम एत्मादपुर सुमित सिंह ने बताया कि मुआवजे की प्रक्रिया सहमति पत्रों के आधार पर चल रही है। उन्होंने कहा कि 80 प्रतिशत किसानों के स्वीकृति पत्र मिलते ही भुगतान की कार्रवाई शुरू कर दी जाएगी। लेकिन किसानों का आरोप है कि उन्हें अभी तक मुआवजा नहीं मिला है।
धरना स्थल पर प्रदेश अध्यक्ष कृष्ण गोपाल भदौरिया, सलीम शाह अली, जिला अध्यक्ष अशपाक अली, ज्ञानेंद्र सिंह चौहान, गोपाल सिकरवार, कुंवर वली शेर, मुकेश सिकरवार, रूपेश सिकरवार, आर. के. शुक्ला, सपा नेता वीरेंद्र सिंह चौहान सहित सैकड़ों किसान उपस्थित रहे।
