गांधी व शास्त्री जयंती: सीएम धामी ने दोनों महापुरुषों को दी श्रद्धांजलि, विचारों को जीवन में उतारने का किया आह्वान

उत्तराखंड राज्य

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर उनके चित्रों पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धापूर्वक नमन किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि गांधी जी के सत्य, अहिंसा और मानवता के सिद्धांत तथा शास्त्री जी की सादगी, ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्रसेवा के आदर्श आज भी समाज और देश को दिशा देने वाले हैं।

उन्होंने दोनों महापुरुषों के विचारों को जीवन और कार्य व्यवहार में आत्मसात करने का आह्वान किया। मुख्यमंत्री आवास में शुक्रवार को दोनों महापुरुषों को नमन करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि महात्मा गांधी के विचार शांति, सद्भाव और सामाजिक समरसता के लिए सदैव प्रासंगिक रहेंगे।

सत्य और अहिंसा के माध्यम से उन्होंने दुनिया को बड़े परिवर्तन का मार्ग दिखाया। वहीं, लाल बहादुर शास्त्री का सादगीपूर्ण जीवन और राष्ट्र के प्रति समर्पण सभी के लिए प्रेरणास्रोत है। उनका जय जवान, जय किसान का उद्घोष देश की सुरक्षा और खाद्य सुरक्षा में जवानों व किसानों के योगदान को रेखांकित करता है।

वहीं, सूचना एवं लोकसंपर्क विभाग में दोनों महापुरुषों की जयंती पर अधिकारियों और कर्मचारियों ने उनके चित्रों पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। अपर निदेशक आशीष त्रिपाठी, संयुक्त निदेशक केएस चौहान, उप निदेशक रवि बिजारनिया, बद्री चंद समेत अधिकारियों-कर्मचारियों ने उनके आदर्शों को स्मरण किया।

उधर, उत्तराखंड राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (यूएसडीएमए) में अपर मुख्य कार्यकारी अधिकारी (प्रशासन) प्रकाश चंद्र एवं अन्य अधिकारियों ने महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के चित्राें पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान संयुक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी दिनेश कुमार पुनेठा, यूएलएमएमसी के निदेशक शांतनु सरकार समेत अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *