हाईवे पर सेल्फी लेना पड़ा भारी, ट्रक ने स्कॉर्पियो को मारी टक्कर, चार की मौत, तीन घायल

उत्तर प्रदेश राज्य

वाराणसी/ रायबरेली: प्रयागराज-वाराणसी राष्ट्रीय राजमार्ग पर सोमवार तड़के एक भीषण सड़क हादसे में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के रूपापुर गांव के पास ओवरब्रिज पर तेज रफ्तार ट्रक ने आगे चल रही स्कॉर्पियो में जोरदार टक्कर मार दी.

टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कॉर्पियो के परखच्चे उड़ गए और वाहन का बड़ा हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई. सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया.

टक्कर के बाद कार का आधा हिस्सा हुआ क्षतिग्रस्त

मिर्जामुराद थाना प्रभारी गोपाल ने बताया कि हादसा सोमवार सुबह करीब पांच बजे राष्ट्रीय राजमार्ग-19 पर हुआ. स्कॉर्पियो में छह लोग सवार थे. सभी लोग विंध्याचल में दर्शन-पूजन करने के बाद वापस काशी लौट रहे थे.

इसी दौरान रूपापुर गांव के पास ओवरब्रिज पर पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने स्कॉर्पियो को जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी ज़बरदस्त थी कि करीब 15 फीट लंबी स्कॉर्पियो का बड़ा हिस्सा बुरी तरह पिचक गया. वाहन की लंबाई का बड़ा भाग क्षतिग्रस्त होने से अंदर बैठे लोग बुरी तरह फंस गए.

हादसे की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि टक्कर के बाद एक व्यक्ति ओवरब्रिज से करीब 30 फीट नीचे सड़क पर जा गिरा. वहीं, दो लोग कार के अंदर सीटों के बीच बुरी तरह फंस गए. दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. सड़क से गुजर रहे राहगीरों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी.

गैस कटर से काटकर निकाले गए वाहन में फंसे लोग

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया. स्कॉर्पियो बुरी तरह क्षतिग्रस्त होने के कारण उसमें फंसे लोगों को बाहर निकालना काफी मुश्किल हो रहा था. इसके बाद गैस कटर की मदद से वाहन को काटकर अंदर फंसे लोगों को बाहर निकाला गया. हादसे में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया.

तीन मृतकों की पहचान, एक की शिनाख्त नहीं

हादसे में जान गंवाने वालों में अमन यादव, गोलू और आलोक मिश्रा के नाम सामने आए हैं. वहीं, चौथे मृतक की पहचान अभी नहीं हो सकी है. दुर्घटना में घायल कन्हैया यादव और निखिल कुमार की पहचान हुई है. दोनों की हालत गंभीर बताई गई है.

पुलिस मृतक के शवों की पहचान कराने और हादसे से संबंधित अन्य जानकारियां जुटाने में लगी है. दुर्घटना के कारणों की जांच भी की जा रही है.

जिला मुख्यालय से 27 किलोमीटर दूर हुआ हादसा

यह दर्दनाक हादसा वाराणसी जिला मुख्यालय से करीब 27 किलोमीटर दूर मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के रूपापुर गांव के पास हुआ. प्रयागराज-वाराणसी राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुए इस हादसे ने एक बार फिर तेज रफ्तार वाहनों से होने वाली दुर्घटनाओं की भयावहता को उजागर कर दिया है. विंध्याचल से दर्शन कर घर लौट रहे लोगों के लिए यह यात्रा जानलेवा साबित हुई.

रायबरेली में सड़क हादसे में पिता-पुत्रों की मौत

रायबरेली में दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जिसमें बाइक सवार पिता पुत्र की मौत हो गई. हादसा तब हुआ, जब एक बाइक को डम्पर ने ज़ोरदार टक्कर मार दी. बाइक पर पिता और उसके दो बेटे सवार थे. हादसे में छोटे बेटे को मामूली छोटें आयी हैं.

स्थानीय ग्रामीण यश अग्रहरि ने बताया कि घटना यहां के गदागंज थाना क्षेत्र में हुई जहाँ डंपर ने बाइक सवार पिता और उसके दो बेटों को टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक डंपर में फंसकर करीब 200 मीटर तक घिसटती चली गई. बाइक से निकली चिंगारी से डम्पर में भी आग लग गई.

हादसे में पिता और एक बेटे की मौत हो गई, जबकि दूसरा बेटा घायल हो गया. पूरा मामला यहां के बरारा बुजुर्ग चौराहे का है. यहीं देर रात तेज रफ्तार डंपर ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर के बाद बाइक डंपर में फंस गई और करीब 200 मीटर तक घिसटती चली गई.

फायरकर्मी आनंद सिंह ने बताया कि रायबरेली के गदागंज थाना क्षेत्र के बरारा बुजुर्ग के पास राख से लदा डंपर और बाइक की टक्कर होने के बाद दोनों वाहन जलकर हुए राख आसपास के लोगों ने फायर ब्रिगेड को दी सूचना मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने आग पर काबू पाया.

सीओ गिरिजाशंकर त्रिपाठी ने बताया कि हादसा करीब 8 बजे हुआ है. डंपर और बाइक के बीच एक्सीडेंट हुआ. जिसमें खोदायपुर निवासी इंद्रपाल कानपुर से ट्रेन के जरिए लौटे थे, तब उनका छोटा बेटा रेलवे स्टेशन से उन्हें बाइक पर बैठाकर घर ला रहा था.

इसी दौरान हुए हादसे में इंद्रपाल और उनके एक बेटे शिवम की जान चली गई, जबकि दूसरा बेटा घायल हो गया. मृतकों के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है अग्रिम कार्रवाई जा रही है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *