‘ऐ सुन, बदतमीजी नहीं… ‘ छुट्टी के लिए थाने में ही SO से भिड़े दरोगा, वायरल हुआ गाजियाबाद पुलिस का Video

उत्तर प्रदेश राज्य

गाजियाबाद: गाजियाबाद के मधुबन बापूधाम थाने में पुलिस ही आपस में उलझ गई। बताया जा रहा है कि छुट्टी न मिलने पर थानेदार और दरोगा के बीच थाने में जमकर झगड़ा हुआ। एक फरियादी ने इसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दिया, जिसके बाद ये खूब वायरल हो रहा है।

24 सेकंड के इस वीडियो में थाने का कॉरिडोर दिख रहा है। सामने टेबल पर फाइलें रखी हैं, कुर्सियों पर 3-4 फरियादी बैठे हैं और सामने थानेदार और दरोगा एक-दूसरे पर चिल्ला रहे हैं। ऑडियो गौर से सुनो तो पूरा माजरा साफ हो जाता है।

जमकर हुआ विवाद, बीच बचाव करते दिखे लोग

एक तरफ थानेदार साहब गुस्से में कह रहे हैं कि ‘बाहर निकलो, तमीज से बात करो, बदतमीजी मत करो’। तो दूसरी तरफ दरोगा भी पीछे हटने को तैयार नहीं, वो भी तू-तड़ाक पर उतर आया और छुट्टी की मांग पर अड़ा रहा। बीच में खड़ा एक सिपाही और एक सादे कपड़ों वाला शख्स लगातार ‘अरे सर रहने दो, बैठ जाओ’ कहकर बीच-बचाव करता दिख रहा है, लेकिन कोई सुनने को तैयार नहीं।

दावा है कि दरोगा ने छुट्टी मांगी थी और थानेदार ने छुट्टी देने से साफ इनकार कर दिया। बस इसी बात पर दोनों में ऐसी तू-तू मैं-मैं शुरू हुई कि वर्दी की मर्यादा तक भूल गए। सबसे दिलचस्प बात ये कि ये सब तब हुआ जब थाने में फरियादी अपनी शिकायत लेकर बैठे थे। वो बेचारे अपनी फरियाद भूलकर पुलिस का ही लाइव झगड़ा देखते रहे।

थाने में बैठे ही एक फरियादी ने चुपके से मोबाइल से ये पूरा ड्रामा रिकॉर्ड कर लिया और सोशल मीडिया पर डाल दिया। अब वीडियो जमकर वायरल हो रहा है और लोग चुटकी ले रहे हैं कि जब थाने के अंदर ही कानून के रखवाले आपस में लड़ेंगे तो बाहर जनता को इंसाफ कौन देगा। फिलहाल इस पूरे मामले पर विभाग की तरफ से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *