हिमाचल पुलिस ने ERSS-112 में पूरे भारत में हासिल किया प्रथम स्थान

राज्य हिमाचल प्रदेश

शिमला: हिमाचल प्रदेश पुलिस ने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी कार्यकुशलता का परचम लहराया है। पुलिस ने पिछले 24 घंटों के दौरान आपातकालीन सेवा (ईआरएसएस-112) के अंतर्गत औसत रिस्पांस टाइम में पूरे भारत में प्रथम स्थान प्राप्त कर एक ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है। इस मौके पर मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने हिमाचल पुलिस को बधाई देते हुए इसे पूरे राज्य के लिए गर्व का क्षण बताया है।

पुलिस बल की दक्षता और टीमवर्क का परिणाम

मुख्यमंत्री ने इस सफलता का श्रेय पुलिस कर्मियों की मेहनत को दिया। उन्होंने कहा कि यह असाधारण उपलब्धि प्रदेश भर में तैनात ईआरएसएस-112 की टीमों तथा पुलिस थानों के अधिकारियों व कर्मचारियों की पेशेवर दक्षता, निष्ठा और उत्कृष्ट टीमवर्क का सशक्त प्रमाण है। पुलिस बल ने यह साबित कर दिया है कि वे अपनी जिम्मेदारियों के प्रति पूरी तरह सजग हैं।

कठिन भौगोलिक परिस्थितियों में पहुंचाई सबसे तेज मदद

मुख्यमंत्री सुक्खू ने प्रदेश की भौगोलिक चुनौतियों का विशेष उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि अत्यंत चुनौतीपूर्ण पर्वतीय परिस्थितियों और सीमित संसाधनों के बावजूद, प्रदेश पुलिस ने नागरिकों को सबसे तेज आपातकालीन सहायता प्रदान करके देश में नाम कमाया है। यह दर्शाता है कि विषम परिस्थितियों में भी हिमाचल पुलिस का रिस्पांस सिस्टम बेहतरीन कार्य कर रहा है।

पुलिस को भविष्य के लिए दिया नया मूल मंत्र

सरकार की प्रतिबद्धता को दोहराते हुए मुख्यमंत्री ने पुलिस को भविष्य के लिए एक नया मूल मंत्र दिया। उन्होंने कहा कि स्पीड, सैंसिटिविटी और सर्विस’ (गति, संवेदनशीलता और सेवा) ही प्रदेश पुलिस का मार्गदर्शक मंत्र बना रहना चाहिए। उन्होंने जोर देकर कहा कि यह उपलब्धि केवल एक रैंकिंग नहीं है, बल्कि यह इस बात का आश्वासन है कि जब भी कोई नागरिक मदद के लिए पुकारेगा, पुलिस सबसे पहले उसके पास पहुंचेगी।

डीजीपी ने मुख्यमंत्री के कुशल नेतृत्व काे दिया श्रेय

इस अवसर पर पुलिस महानिदेशक अशोक तिवारी ने कहा कि यह उपलब्धि मुख्यमंत्री के कुशल नेतृत्व, मार्गदर्शन और पुलिस विभाग को मिल रहे अटूट सहयोग से ही संभव हो पाई है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि पुलिस बल इसी तरह एक संवेदनशील और पेशेवर सोच के साथ कार्य करता रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *