थैलेसीमिया जागरूकता के लिए दौड़े सैकड़ों कदम, ‘रन फॉर थैलेसीमिया’ मैराथन सफल

उत्तराखंड राज्य

देहरादून। थैलेसीमिया के प्रति जनजागरूकता फैलाने के उद्देश्य से रविवार को पवेलियन ग्राउंड में आयोजित 5 किलोमीटर लंबी ‘रन फॉर थैलेसीमिया’ मैराथन में सैकड़ों लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। युवाओं, महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों की सहभागिता के साथ मैराथन का समापन हुआ।

मैराथन पवेलियन ग्राउंड से शुरू होकर कनक चौक, दिलाराम चौक और ब्रह्मकमल चौक होते हुए पुनः पवेलियन ग्राउंड पहुंचकर संपन्न हुई।
समापन समारोह में खेल मंत्री रेखा आर्या ने विजेताओं को सम्मानित करते हुए कहा कि स्वस्थ और सशक्त समाज के निर्माण के लिए खेलों को जीवनशैली का हिस्सा बनाना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि नियमित खेलकूद और शारीरिक गतिविधियां शरीर को स्वस्थ रखने के साथ-साथ कई गंभीर बीमारियों से बचाव में भी सहायक होती हैं। थैलेसीमिया जैसी बीमारी के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए इस प्रकार के आयोजन अत्यंत महत्वपूर्ण हैं।उन्होंने कहा कि मोबाइल और आरामपरस्त जीवनशैली के कारण लोगों की शारीरिक गतिविधियां कम होती जा रही हैं, जिससे अनेक बीमारियां बढ़ रही हैं। युवाओं को प्रतिदिन खेल और व्यायाम के लिए समय निकालना चाहिए। राज्य सरकार उत्तराखंड में फिटनेस संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए लगातार प्रयासरत है।

प्रतियोगिता के बालिका वर्ग में दीपांजलि यादव ने प्रथम, सोनाक्षी ने द्वितीय और आराधना ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। बालक वर्ग में रोहित प्रथम, अर्जुन द्वितीय तथा हिमांशु बिष्ट तृतीय स्थान पर रहे। सभी विजेताओं को मेडल और सम्मान देकर पुरस्कृत किया गया।

कार्यक्रम में चिकित्सा शिक्षा निदेशक डॉ. अजय आर्य, विनोद डोभाल, ऋतु डोभाल, वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. राजीव कुमार रंजन, अंजना सहित अनेक गणमान्य नागरिक और खेल प्रेमी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *