रुद्रपुर में कांग्रेस की अहम बैठक, खड़गे ने कहा- एकजुट होकर जनता के बीच जाएं

उत्तराखंड राज्य

रुद्रपुर: कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने उत्तराखंड के एक दिवसीय दौरे के दौरान हल्द्वानी में जनसभा को संबोधित करने के बाद रुद्रपुर पहुंचकर पार्टी पदाधिकारियों और विधायकों के साथ बैठक की. बैठक में 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों, संगठन को मजबूत करने और जमीनी स्तर पर सक्रियता बढ़ाने को लेकर चर्चा हुई.

इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने अपने सुझाव और विचार राष्ट्रीय अध्यक्ष के सामने रखे. खड़गे ने सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं से आपसी मतभेद भुलाकर एकजुट होकर चुनाव मैदान में उतरने का आह्वान किया. वह रुद्रपुर में रात्रि विश्राम करेंगे और शुक्रवार सुबह प्रदेशभर के पदाधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक में कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन करेंगे.

कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे शुक्रवार को अपने एक दिवसीय उत्तराखंड दौरे पर हल्द्वानी पहुंचे, जहां उन्होंने जनसभा को संबोधित किया. इसके बाद वह सड़क मार्ग से रुद्रपुर पहुंचे. रुद्रपुर में उन्होंने कांग्रेस के विधायकों, पदाधिकारियों और वरिष्ठ नेताओं के साथ बैठक कर आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर मंथन किया.

जनता के बीच जाने वाले मुद्दों पर चर्चा हुई: बैठक में पार्टी नेताओं ने अपने-अपने क्षेत्रों की स्थिति, संगठन की गतिविधियों और आगामी चुनाव को लेकर सुझाव राष्ट्रीय अध्यक्ष के सामने रखे. कांग्रेस नेताओं के अनुसार बैठक बेहद सकारात्मक माहौल में हुई. इसमें भाजपा सरकार की कार्यशैली, प्रदेश में पार्टी की स्थिति और आने वाले समय में कांग्रेस को किस रणनीति के साथ जनता के बीच जाना चाहिए, जैसे मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई.

जनता के बीच काम करने की प्रेरणा दी: नेताओं ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस अब एकजुट होकर जमीन पर काम करेगी. राष्ट्रीय अध्यक्ष खड़गे ने भी पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं को छोटी-मोटी बातों से निराश न होने और पूरी मजबूती के साथ जनता के बीच काम करने की प्रेरणा दी.

कांग्रेस नेताओं ने बताया कि खड़गे ने अपने राजनीतिक अनुभव साझा करते हुए संगठन को मजबूत करने और चुनावी तैयारियों को समय रहते गति देने पर जोर दिया. उन्होंने नेताओं से आपसी समन्वय बनाए रखने और पार्टी के प्रत्येक कार्यकर्ता को चुनावी अभियान से जोड़ने का आह्वान किया.

रविवार को होगी पार्टी की समीक्षा बैठक: रुद्रपुर में रात्रि विश्राम के बाद अगले दिन प्रदेशभर से आए कांग्रेस पदाधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक प्रस्तावित है. इस बैठक में राष्ट्रीय अध्यक्ष आगामी चुनाव को लेकर पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं को दिशा-निर्देश देंगे.

Gen Z पर फोक्स: बैठक के दौरान कांग्रेस नेताओं ने Gen Z यानी नई युवा पीढ़ी से जुड़े मुद्दों को भी प्रमुखता से उठाया. कांग्रेस नेताओं ने कहा कि राहुल गांधी ने सबसे पहले युवाओं और Gen Z से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाया है. उनका कहना था कि युवाओं के भविष्य, शिक्षा, रोजगार और लोकतांत्रिक अधिकारों से जुड़े सवालों को कांग्रेस लगातार जनता के बीच उठा रही है.

बीजेपी पर साधा निशाना: कांग्रेस नेताओं ने भाजपा और आरएसएस पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि सरकार युवाओं की आवाज को दबाने का प्रयास कर रही है.

युवा अपने भविष्य को लेकर जवाब मांग रहे हैं और लोकतंत्र में किसी भी प्रकार का हस्तक्षेप स्वीकार नहीं किया जाएगा. राहुल गांधी ने युवाओं की समस्याओं को समझते हुए जमीन पर उतरकर उनकी आवाज उठाई है. पार्टी आगे भी Gen Z के मुद्दों को प्रमुखता से उठाती रहेगी.
-कुमारी शैलजा उत्तराखंड प्रभारी कांग्रेस-

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि पार्टी लोकतंत्र और प्रत्येक वर्ग के अधिकारों के लिए संघर्ष करती रही है. उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सत्ता केंद्रित राजनीति कर रही है. कांग्रेस का लक्ष्य जनता के मुद्दों को लेकर संघर्ष करना और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा करना है.

रुद्रपुर बैठक के बाद कांग्रेस नेताओं में आगामी चुनाव को लेकर उत्साह दिखाई दिया. नेताओं ने संकल्प लिया कि वे आपसी समन्वय के साथ जमीन पर उतरेंगे और संगठन को मजबूत करते हुए 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारी करेंगे.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *