काशीपुर किसान मृत्यु प्रकरण: मुख्यमंत्री धामी ने परिजनों को न्याय का दिलाया भरोसा

उत्तराखंड

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने काशीपुर निवासी किसान स्वर्गीय सुखवंत सिंह की मृत्यु के मामले में परिजनों को न्याय का भरोसा दिलाते हुए कहा है कि इस प्रकरण की जांच में किसी भी स्तर पर कोई कोताही नहीं बरती जाएगी।

मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि सरकार पूरी संवेदनशीलता के साथ पीड़ित परिवार के साथ खड़ी है और इस दुखद घटना के लिए जिम्मेदार किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।

मंगलवार को मुख्यमंत्री ने स्व. सुखवंत सिंह के भाई परविंदर सिंह से दूरभाष पर वार्ता कर अपनी हार्दिक संवेदनाएं व्यक्त कीं और परिजनों को ढांढस बंधाया। मुख्यमंत्री ने दिवंगत किसान के पिता एवं अन्य परिजनों की मौजूदगी में परविंदर सिंह से बातचीत करते हुए कहा कि इस घटना की भरपाई संभव नहीं है, लेकिन सरकार दोषियों को कानूनी रूप से सख्त से सख्त सजा दिलाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि मामले की जानकारी मिलते ही उच्चाधिकारियों को तत्काल आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही कुमाऊं आयुक्त को मजिस्ट्रेट जांच के आदेश भी जारी कर दिए गए हैं।

मुख्यमंत्री ने दोहराया कि पीड़ित परिवार को हर हाल में इंसाफ दिलाया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में किसी भी प्रकार की घटना होने पर सरकार तत्परता और प्रतिबद्धता के साथ कार्रवाई करते हुए पीड़ितों को न्याय दिलाने का कार्य कर रही है। उन्होंने यह भी कहा कि वह शीघ्र ही पीड़ित परिवार से व्यक्तिगत रूप से मुलाकात करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *