मरीजों को दवाओं की उपलब्धता में न हो परेशानी: मदन कौशिक

उत्तराखंड राज्य

देहरादून। प्रदेश के आयुष मंत्री मदन कौशिक ने विधानसभा स्थित सभागार कक्ष में विभागीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर आयुष विभाग की विभिन्न योजनाओं और संस्थानों की प्रगति का जायजा लिया। बैठक में आयुर्वेदिक विश्वविद्यालय हर्रावाला से जुड़े निर्णयों के अनुपालन और विभागीय कार्यों की समीक्षा की गई।

मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि उत्तराखंड आयुर्वेदिक यूनिवर्सिटी से संबंधित पूर्व में लिए गए निर्णयों का समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालयों और संबद्ध संस्थानों में व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जाएं।बैठक के दौरान मंत्री ने ऋषिकुल आर्युवेदिक कालेज तथा गुरू कुल आयुर्वेदिक कालेज में दवाइयों के वितरण को सुचारू बनाए रखने के लिए अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मरीजों को दवाओं की उपलब्धता में किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए।

आयुष मंत्री ने आगामी दिनों में आयुष मंत्रालय, भारत सरकार के साथ प्रस्तावित बैठक को लेकर विभागीय तैयारियों की भी समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि मंत्रालय के समक्ष प्रस्तुत किए जाने वाले सभी प्रस्तावों और कार्य योजनाओं को निर्धारित समय सीमा के भीतर अंतिम रूप दिया जाए।मदन कौशिक ने स्पष्ट किया कि आयुष विश्वविद्यालयों में किसी भी प्रकार की अव्यवस्था स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को बेहतर कार्यप्रणाली अपनाने और संस्थानों में प्रशासनिक एवं शैक्षणिक व्यवस्थाओं को सुदृढ़ करने के निर्देश दिए।मंत्री ने विश्वविद्यालयों में तकनीशियन, लाइब्रेरियन तथा अन्य रिक्त पदों को शीघ्र भरने के लिए अधियाचन भेजने के निर्देश भी दिए, ताकि शैक्षणिक एवं प्रशासनिक कार्यों पर प्रतिकूल प्रभाव न पड़े।

बैठक में सचिव रंजना राजगुरु, अपर सचिव विजय कुमार जोगदण्डे तथा आयुष विभाग के अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *