माल्टा उत्पादन को मिलेगा नया आयाम, जल्द शुरू होगा ‘माल्टा मिशन’: मुख्यमंत्री धामी

उत्तराखंड

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को आईटीबीपी स्टेडियम, सीमा द्वार देहरादून में सेवा संकल्प (धारिणी) फाउंडेशन द्वारा आयोजित दो दिवसीय माल्टा महोत्सव में प्रतिभाग किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने विभिन्न जनपदों से आए कृषकों से मुलाकात की और माल्टा व नींबू की खटाई का स्वाद लिया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड में माल्टा उत्पादन की अपार संभावनाएं हैं। राज्य सरकार द्वारा इस दिशा में ठोस पहल करते हुए जल्द ही माल्टा मिशन शुरू किया जाएगा, जिससे माल्टा के उत्पादन, विपणन और मूल्य संवर्धन को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने कहा कि इस मिशन से पर्वतीय क्षेत्रों के किसानों की आय में वृद्धि होगी और उत्तराखण्ड के स्थानीय फलों को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिलेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार माल्टा के साथ-साथ कीवी, सेब, आडू, पुलम, नींबू प्रजाति के फल और अन्य स्थानीय फलों के उत्पादन को भी प्रोत्साहित कर रही है। उन्होंने कहा कि माल्टा महोत्सव जैसे आयोजन किसानों को सीधे उपभोक्ताओं और बाजार से जोड़ने का प्रभावी माध्यम बन रहे हैं, जिससे उन्हें बेहतर मूल्य प्राप्त हो रहा है।

इस अवसर पर आईजी आईटीबीपी संजय गुंज्याल सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति एवं बड़ी संख्या में कृषक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *