चम्पावत में समग्र विकास के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की कई घोषणाएँ

उत्तराखंड राज्य

चम्पावत। जनपद चम्पावत को आदर्श जनपद के रूप में विकसित करने की दिशा में राज्य सरकार तेजी से काम कर रही है। इसी क्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जनपद के समग्र विकास के लिए बुनियादी ढांचे, स्वास्थ्य, कृषि, पेयजल, सिंचाई, पर्यटन और खेल क्षेत्र से जुड़ी कई महत्वपूर्ण योजनाओं की घोषणा की। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य विकास का लाभ समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचाना है।

मुख्यमंत्री ने चम्पावत में प्रशिक्षण के लिए टाइप-3/4 आवासीय परिसर और मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय भवन के निर्माण के साथ डिस्ट्रिक्ट अर्ली इंटरवेंशन सेंटर तथा जिला दिव्यांग पुनर्वास केंद्र की स्थापना की घोषणा की।

इसके अलावा 1000 परिवारों को मधुमक्खी पालन के प्रशिक्षण के लिए 2 करोड़ रुपये की स्वीकृति भी प्रदान की गई है।

उन्होंने मोनपोखरी से नीड तक 2 किमी सड़क के डामरीकरण एवं सुधारीकरण, अमोड़ी-छतकोट बाईपास में 5 किमी मोटर मार्ग और पुल निर्माण, जनपद में 50 हैंडपंपों की स्थापना तथा क्षेत्र पंचायत पाल्सो में आंतरिक टाइल्स मार्गों के निर्माण की घोषणा भी की। ग्राम शक्तिपुरबूंगा क्षेत्र के प्रत्येक गांव में 10-10 सोलर लाइट लगाने की भी व्यवस्था की जाएगी।

मुख्यमंत्री ने धार्मिक एवं सांस्कृतिक स्थलों के विकास पर भी जोर देते हुए व्यानधुरा बाबा मंदिर सहित सभी मेला स्थलों के सौंदर्यीकरण तथा नागनाथ मंदिर के समीप रामलीला मंच के निर्माण और विकास की घोषणा की। इसके साथ ही चम्पावत में भवन एवं व्यापारिक परिसर का निर्माण, ढकना-बडोला से सेरोला तक लिंक मार्ग, बनलेख से हिंगोला देसी मंदिर तक मोटर मार्ग और पूर्वांचल एग्रो संस्कृत विद्यालय के पुनरोत्थान की भी घोषणा की गई।

इसके अतिरिक्त जल संस्थान कार्यालय के लिए जल भवन का निर्माण, मनेश्वर-चैड़ा राजपुर मार्ग और उससे जुड़े मार्गों में इंटरलॉकिंग टाइल्स का कार्य, 20 स्थानों पर सोलर लिफ्ट पेयजल सिंचाई योजनाओं की स्थापना तथा जंगली जानवरों से फसलों की सुरक्षा और किसानों की आय बढ़ाने के लिए 5 करोड़ रुपये की सामूहिक घेरबाड़ योजना शुरू की जाएगी। अमोड़ी-सिप्टी मोटर मार्ग पर दो वैली ब्रिजों के निर्माण, खर्ककार्की क्षेत्र में खेल मैदान के विकास, विकास भवन चम्पावत का कुमाऊनी शैली में पुनरोद्धार तथा ग्राम सभा नघान से डोडेश्वर मंदिर तक सड़क निर्माण की भी घोषणा की गई।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी घोषणाओं का क्रियान्वयन गुणवत्ता और समयबद्धता के साथ सुनिश्चित किया जाए, ताकि जनपद के नागरिकों को इन योजनाओं का लाभ शीघ्र मिल सके।

इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, भूतपूर्व सैनिकों, वीर नारियों और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों की उपस्थिति रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *