उत्तराखंड में एलपीजी आपूर्ति पर मंत्री रेखा आर्या का भरोसा

उत्तराखंड राज्य

देहरादून। प्रदेश में घरेलू गैस सिलेंडरों की पर्याप्त आपूर्ति हो रही है और किसी भी जिले में एलपीजी की कमी नहीं है। यदि कोई व्यक्ति कृत्रिम अभाव पैदा करने या कालाबाजारी करने की कोशिश करेगा तो उसके खिलाफ तुरंत एफआईआर दर्ज कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

यह बात खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री रेखा आर्या ने एलपीजी की मांग और आपूर्ति की समीक्षा बैठक के बाद कही।

विधानसभा स्थित सभागार में आयोजित बैठक में विभागीय अधिकारियों के साथ गैस सप्लाई करने वाली कंपनियों के प्रतिनिधि मौजूद रहे, जबकि सभी जिलों के जिला पूर्ति अधिकारी ऑनलाइन माध्यम से जुड़े।

मंत्री ने बताया कि प्रदेश में वर्तमान में 35,55,559 घरेलू एलपीजी कनेक्शन और 60,976 कमर्शियल कनेक्शन हैं। वहीं प्रदेश में 80,861 घरेलू सिलेंडर और 12,146 कमर्शियल सिलेंडर का स्टॉक उपलब्ध है और प्रतिदिन पर्याप्त आपूर्ति भी हो रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि घरेलू सिलेंडरों की डिलीवरी में किसी प्रकार की समस्या नहीं है।

रेखा आर्या ने जिला पूर्ति अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसी भी स्थिति में गैस एजेंसी या स्टोर रूम से सीधे सिलेंडर वितरण न किया जाए और सभी उपभोक्ताओं को होम डिलीवरी के माध्यम से ही गैस उपलब्ध कराई जाए।

उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार की एसओपी के अनुसार अस्पतालों और शैक्षणिक संस्थानों को कमर्शियल गैस सिलेंडरों की नियमित आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है। साथ ही जो व्यापारी नया कमर्शियल कनेक्शन लेना चाहते हैं, उन्हें आवेदन के 24 घंटे के भीतर कनेक्शन उपलब्ध कराने के निर्देश गैस कंपनियों को दिए गए हैं।

मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार कालाबाजारी, जमाखोरी और मुनाफाखोरी के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर रही है। अब तक 173 स्थानों पर छापेमारी की गई है और 15 एफआईआर दर्ज कराई गई हैं।

उन्होंने बताया कि प्रदेश में पीएनजी कनेक्शन बढ़ाने पर भी जोर दिया जा रहा है और इसके लिए केंद्र सरकार से जल्द एनओसी उपलब्ध कराने का अनुरोध किया जाएगा।

बैठक के दौरान कई जिलों के अधिकारियों ने भारत पेट्रोलियम से गैस आपूर्ति कम आने की शिकायत की।

इस पर मंत्री ने कंपनी के अधिकारियों को स्थिति जल्द सुधारने के निर्देश देते हुए कहा कि यदि आपूर्ति में सुधार नहीं हुआ तो केंद्र सरकार से शिकायत की जाएगी।

बैठक में विभागीय सचिव एल. फैनई, अपर आयुक्त जी.एस. पांगती सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *