बाराबंकी: उत्तर प्रदेश के बाराबंकी में दिल को दहला देने वाला घटना सामने आई है। यहां तीन बेटियों के साथ एक मां ट्रेन के आगे कूद गई। घटना में चारों की दर्दनाक मौत हो गई। सूचना के बाद जीआरपी और पुलिस मौके पर पहुंच कर शवों को कब्जे में लिया है। एक ही परिवार के चार सदस्यों की मौत से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।
नगर कोतवाली क्षेत्र के जेल चौकी अंतर्गत गांधीनगर के पास रेलवे ट्रैक पर ट्रेन की चपेट में आने से एक महिला और उसकी तीन मासूम बेटियों की मौत हो गई। घटना शुक्रवार शाम करीब साढ़े पांच बजे हुई। सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने मृतकों की पहचान किरण देवी पाल (39), उनकी पांच वर्षीय बेटी काव्या पाल, सात वर्षीय जुड़वा बेटियों अनुष्का पाल और कनिष्का पाल के रूप में की है। मूल रूप से बहराइच जिले के बौंडी थाना क्षेत्र के बिकौलिया गांव का रहने वाला परिवार वर्तमान में बाराबंकी के कोतवाली नगर क्षेत्र में गांधी नगर स्थित होली बाबा मंदिर के पास रह रहा था।
पिता के साथ बाजार गई थी चौथी बेटी
मृतक के पति रामतीर्थ पाल ने बताया कि दर्दनाक हादसे की जानकारी उन्हें शाम करीब 6 बजे मिली, जब वह 12 वर्षीय बड़ी बेटी रिया के साथ बाजार गए हुए थे। रामतीर्थ पाल ने बताया कि वो कानपुर में वन विभाग में अर्दली के पद पर कार्यरत हैं। बाजार से लौटने पर परिवार में हुई इस अनहोनी की जानकारी से घर में मातम छा गया।
महिला का चल रहा था इलाज
पुलिस की पूछताछ में पति रामतीर्थ पाल ने बताया कि उनकी पत्नी किरण देवी की तबीयत अक्सर खराब रहती थी। उनका बच्चेदानी का ऑपरेशन हुआ था। इसके अलावा आंखों का इलाज भी चल रहा था। पति के मुताबिक, लगातार बीमारी और शारीरिक कमजोरी और खर्च के चलते वह मानसिक रूप से भी परेशान रहती थी। हालांकि, घटना किन परिस्थितियों में हुई, इसकी वजह साफ नहीं हो सकी है। बताया जा रहा कि चार बेटियां होने से मां किरण देवी डिप्रेशन में रहती थी।
पुलिस कर रही जांच
मामले में CO सीटी आफताब आलम ने बताया कि ट्रेन की चपेट में आने से महिला और उसकी तीन बेटियों की दुःखद मौत हुई है। घटना की सूचना मिलते ही नगर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंच कर शवों कब्जे में लेकर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। सीओ ने बताया कि महिला का केयर बेबी का इलाज चल रहा था। बीमारी और शारीरिक कमजोरी के चलते मानसिक रूप से परेशान रहती थी। रेलवे अधिकारियों से समन्वय स्थापित कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। वहीं, मां और तीन मासूम बेटियों की मौत ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है।
