सांसद अजय भट्ट का अपील: धैर्य रखें, गैस सिलेंडर घर पर मिलेगी

उत्तराखंड राज्य

पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री और नैनीताल–उधम सिंह नगर संसदीय क्षेत्र के सांसद अजय भट्ट ने जनता से अपील की है कि घरेलू एलपीजी गैस की कोई कमी नहीं है। उन्होंने लोगों से धैर्य बनाए रखने और होम डिलीवरी के माध्यम से ही गैस लेने का आग्रह किया।

श्री भट्ट ने इस मामले में राज्य के मुख्य सचिव और नैनीताल व उधम सिंह नगर के जिला अधिकारियों से दूरभाष पर बातचीत की। उन्होंने बेहतर और पारदर्शी व्यवस्था के तहत गैस सिलेंडर आवंटित करने के निर्देश दिए।

सांसद ने बताया कि लोकसभा में केंद्रीय पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने स्पष्ट किया है कि देश में पेट्रोलियम और गैस की किसी भी प्रकार की कमी नहीं है। इसलिए राज्य के लोगों को बिना परेशान हुए गैस बुकिंग कर होम डिलीवरी से गैस प्राप्त करने की सलाह दी गई है।

सांसद अजय भट्ट ने नैनीताल के जिला अधिकारी ललित मोहन रयाल और उधम सिंह नगर के जिलाधिकारी नितिन सिंह भदोरिया से वार्ता कर गोदामों में भीड़ न लगे और होम डिलीवरी को पारदर्शी तरीके से सुचारू बनाने के निर्देश दिए।

उन्होंने यह भी कहा कि ऑनलाइन गैस बुकिंग में जो समस्याएँ आ रही हैं, उन्हें गैस एजेंसियों के माध्यम से तुरंत दूर किया जाए। अधिकारियों ने अवगत कराया कि ऑफलाइन बुकिंग सहित अन्य विकल्प भी खोल दिए गए हैं और लोगों से अपील की जा रही है कि गैस होम डिलीवरी के माध्यम से ही प्राप्त करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *