यमुना एक्सप्रेसवे पर अब नहीं होगा धरना प्रदर्शन, 41 किलोमीटर तक का हिस्सा ‘No Protest Zone’ घोषित

उत्तर प्रदेश राज्य

ग्रेटर नोएडा। यमुना एक्सप्रेसवे पर अब किसान, राजनीतिक दल या अन्य संगठन धरना-प्रदर्शन नहीं कर सकेंगे। पुलिस कमिश्नरेट ने यमुना एक्सप्रेसवे पर ग्रेटर नोएडा के जीरो प्वाइंट से मथुरा तक यानी अलीगढ़ बाॅर्डर तक 41 किलोमीटर तक नो प्रोटेस्ट जोन (प्रदर्शन मुक्त क्षेत्र) घोषित कर दिया है।

इस संबंध में 22 मई को उच्च न्यायालय इलाहाबाद ने आदेश दिया था। अधिकारियों के मुताबिक, यमुना एक्सप्रेसवे के आसपास भी प्रदर्शन करना पूरी तरह से प्रतिबंधित किया गया है।

डीसीपी डाॅ. प्रवीन रंजन सिंह के मुताबिक, कोर्ट के आदेशानुसार यमुना एक्सप्रेसवे को नो प्रोटेस्ट जोन घोषित किया गया है। इसके तहत यमुना एक्सप्रेसवे पर किसी भी प्रकार के राजनीतिक दल, किसान व अन्य धरना-प्रदर्शन नहीं कर सकेंगे।

15 जून से एयरपोर्ट पर शुरू होनी हैं उड़ानें 

दरअसल 15 जून से नोएडा एयरपोर्ट से घरेलू उड़ाने शुरू होने वाली हैं। अगले कुछ महीनों में अंतरराष्ट्रीय उड़ानें भी शुरू हो जाएंगी। यमुना एक्सप्रेसवे के रास्ते ही यात्रियों को एयरपोर्ट तक जाना होगा।

एक्सप्रेसवे पर धरना प्रदर्शन होने की स्थिति में यात्रियों को परेशानी होगी। यातायात व्यवस्था प्रभावित न हो और सामान्य के अलावा कमर्शियल वाहन के आवागमन में कोई दिक्कत नहीं हो।

कोर्ट के आदेश का अनुपालन कराने के लिए जिला पुलिस एक्सप्रेसवे के प्रमुख स्थानों और संबंधित कोतवाली पर लोगों को जागरूक करने के लिए सूचना बोर्ड लगवा रही है।

इसके अलावा इंटरनेट मीडिया व अन्य माध्यमों से भी आदेश का प्रचार प्रसार किया जा रहा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि कोर्ट के आदेश का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। यातायात व्यवस्था बाधित करने वालों को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *