उत्तराखंड पुलिस के 168 अधिकारी-कर्मचारियों का सम्मान, 14 को मिलेगा CM सराहनीय सेवा पदक

उत्तराखंड राज्य

देहरादून। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर 14 अधिकारियों को मुख्यमंत्री सराहनीय सेवा पदक दिया जाएगा। इनमें आठ अधिकारियों को यह पदक सेवा के आधार पर और छह अधिकारियों को यह पदक विशिष्ट कार्यों के लिए दिया जाएगा।

गृह विभाग की ओर से इस संबंध में जारी सूचना के अनुसार पुलिस महानिरीक्षक नीलेश आंनद भरणे, अपर पुलिस अधीक्षक रेवाधर मठपाल, पुलिस उपाधीक्षक भाष्कर लाल शाह, त्रिवेंद्र सिंह राणा, मनीष जस्वाल, निरीक्षक गिरिबर सिंह रावत, मौहम्मद यासीन और गुल्मनायक दिनेश चंद्र को सेवा के आधार पर मुख्यमंत्री सराहनीय सेवा पदक दिया जाएगा।

वहीं, निरीक्षक स्वर्गीय मनोज मनराल, उप निरीक्षक स्वर्गीय विनोद कुमार, पुलिस महानिरीक्षक सुनील कुमार मीणा, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक शांतनु परमार और पुलिस उपाधीक्षक मनोज असवाल को विशिष्ट कार्यों के लिए मुख्यमंत्री सराहनीय सेवा पदक दिया जाएगा।

मुख्यालय स्तर से 154 पुलिसकर्मी होंगे सम्मानित

स्वतंत्रता दिवस पर उत्तराखंड पुलिस के 154 अधिकारियों और कर्मचारियों को पुलिस मुख्यालय स्तर से उत्कृष्ट सेवा, कर्तव्यनिष्ठा और विशिष्ट कार्य के लिए सम्मानित किया जाएगा। पुलिस मुख्यालय ने सम्मानित होने वाले पुलिसकर्मियों के नामों की घोषणा कर दी है।

इसके तहत 24 कार्मिकों को पुलिस महानिदेशक प्रशस्ति डिस्क-गोल्ड, 114 को प्रशस्ति डिस्क-सिल्वर और 16 कार्मिकों को पुलिस महानिदेशक प्रशस्ति पत्र प्रदान किया जाएगा। सम्मान पाने वालों में पुलिस मुख्यालय से लेकर जिलों, एसटीएफ, एसडीआरएफ, यातायात, अभिसूचना, साइबर क्राइम और पीएसी से जुड़े अधिकारी-कर्मचारी शामिल हैं।

पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ ने सम्मानित होने वाले सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को बधाई देते हुए कहा कि विशिष्ट कार्य करने वाले पुलिसकर्मियों को सम्मान मिलने से अन्य जवानों को भी बेहतर कार्य करने की प्रेरणा मिलेगी। उन्होंने विश्वास जताया कि सभी पुलिसकर्मी इसी प्रतिबद्धता के साथ जनसेवा और विभाग के हित में उत्कृष्ट कार्य करते रहेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *