नोएडा। महाशिवरात्रि के पावन पर्व पर शिव मंदिर सलारपुर, गुर्जर सम्राट मिहिर भोज चौक मेट्रो स्टेशन, सेक्टर–81 नोएडा में भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) गौतमबुद्ध नगर के जिलाध्यक्ष श्री अशोक भाटी द्वारा संचालित “टिकैत रसोई” के माध्यम से विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। इस अवसर पर पूरा क्षेत्र “हर-हर महादेव” और “बम-बम भोले” के गगनभेदी जयकारों से गूंज उठा और मंदिर परिसर में भक्ति, श्रद्धा व आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिला।
भंडारे का शुभारंभ पूर्व मंत्री श्री हरिश्चंद्र भाटी (राष्ट्रीय अध्यक्ष, अखिल भारतीय गुर्जर महासभा) द्वारा किया गया। शुभारंभ के दौरान श्री हरिश्चंद्र भाटी ने शिवलिंग पर विधिवत जलाभिषेक कर भगवान भोलेनाथ से क्षेत्रवासियों की सुख-समृद्धि, शांति एवं खुशहाली की कामना की। उन्होंने कहा कि भगवान शिव समस्त जगत के कल्याणकर्ता हैं, जिनकी कृपा से जीवन में सुख, शांति और सफलता प्राप्त होती है।
महाशिवरात्रि के अवसर पर हरिद्वार से कांवड़ लेकर पहुंचे श्रद्धालु भक्तों का जिलाध्यक्ष श्री अशोक भाटी द्वारा सनातन परंपरा के अनुसार तिलक, पूजन एवं माला पहनाकर भव्य स्वागत किया गया। इस दौरान श्रद्धालुओं में भोलेनाथ के प्रति अटूट आस्था और भक्ति दिखाई दी, वहीं मंदिर में “ॐ नमः शिवाय” के मंत्रोच्चारण से वातावरण पूर्णतः शिवमय हो गया।
जिलाध्यक्ष श्री अशोक भाटी ने कहा कि शिव मंदिर सलारपुर में हर वर्ष महाशिवरात्रि के अवसर पर भंडारे का आयोजन श्रद्धा और सेवा भाव के साथ किया जाता है, जिसमें समस्त ग्रामवासी बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते हैं। उन्होंने बताया कि यह आयोजन केवल भंडारा नहीं, बल्कि सेवा ही शिव है की भावना को साकार करने का माध्यम है।
सुबह से ही श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी रहीं। भक्तों ने शिवलिंग पर जल, दूध, बेलपत्र, धतूरा एवं भांग अर्पित कर भगवान शिव से परिवार की सुख-शांति, स्वास्थ्य और समृद्धि की प्रार्थना की। श्रद्धालुओं का मानना है कि महाशिवरात्रि पर भोलेनाथ की आराधना करने से सभी कष्ट दूर होते हैं और मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं।
दिनभर चले इस विशाल भंडारे में हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया और भोले बाबा की कृपा का अनुभव किया। पूरा आयोजन भक्ति, सेवा और सामाजिक एकता का प्रतीक बना रहा।
इस सेवा कार्य में सेवादार के रूप में झलकेस बाबूजी, सुभाष भाटी, कृष्ण भाटी, मनोज त्यागी, संजय फौजी, सिंहराज गुर्जर, सुधीर गुर्जर, चरण सिंह भाटी, कालूराम भाटी, आशीष कसाना, विजेंद्र भड़ाना सहित अनेक गणमान्य लोग एवं ग्रामवासी उपस्थित रहे।
