एक पत्नी से मिलने और दूसरा बकरीद मनाने आया, लेकिन दोनों जेल चले गए! लखनऊ पुलिस का बड़ा एक्शन

उत्तर प्रदेश राज्य

लखनऊ। मोहनलालगंज पुलिस ने जिलाबदर घोषित दो अपराधियों को आदेश का उल्लंघन करने पर गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपित चोरी-छिपे अपने घर आ रहे थे। पूछताछ में बताया कि बकरीद मनाने के लिए साथी के साथ आया था। पुलिस ने दोनों के खिलाफ उत्तर प्रदेश गुंडा नियंत्रण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की है।

इंस्पेक्टर मोहनलालगंज ब्रजेश कुमार तिवारी के मुताबिक बुधवार और गुरुवार की रात टीम कनकहा मोड़ पर संदिग्ध व्यक्ति और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम फत्तेखेड़ा निवासी मोहित कुमार और सारिख खान उर्फ शारिक, जिनके खिलाफ जिलाबदर की कार्रवाई की गई है, चोरी-छिपे अपने घर पर मौजूद हैं।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम गांव पहुंची और मोहित कुमार के घर के बाहर दोनों आरोपितों को पकड़ लिया। गिरफ्तार आरोपितों में फत्तेखेड़ा मजरा कनकहा निवासी मोहित कुमार और शारिख खान उर्फ सारिक उर्फ शारिक शामिल हैं। पुलिस के अनुसार मोहित कुमार के खिलाफ संयुक्त पुलिस आयुक्त कानून एवं व्यवस्था ने दिसंबर 2025 में छह माह के लिए जिला निकाला का आदेश जारी किया गया था।

वहीं सारिख खान के खिलाफ मई 2026 में छह माह के लिए जिलाबदर की कार्रवाई की गई थी। पूछताछ में शारिख खान ने पुलिस को बताया कि वह बकरीद का त्योहार मनाने के लिए घर आया था, जबकि मोहित कुमार ने पत्नी से मिलने आने की बात कही। पुलिस ने दोनों से बिना सक्षम अनुमति के जिले की सीमा में प्रवेश करने के संबंध में पूछताछ की, जिस पर दोनों ने गलती स्वीकार कर माफी मांगी।

दोनों के खिलाफ धारा 3/10 उत्तर प्रदेश गुंडा नियंत्रण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर देर रात गिरफ्तार कर लिया। इंस्पेक्टर के मुताबिक आरोपितों का आपराधिक इतिहास भी रहा है।

शारिख खान पर मारपीट, धमकी, लूट, एससी-एसटी एक्ट और आइटी एक्ट समेत कई मुकदमे दर्ज हैं। वहीं मोहित कुमार पर मारपीट, आगजनी, बलवा और धमकी जैसी धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *