गौतमबुद्धनगर – पुलिस कमिश्नर गौतमबुद्धनगर श्रीमती लक्ष्मी सिंह के निर्देशन में युवाओं में कानून के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा पुलिस और आमजन के मध्य सहभागिता को और अधिक सुदृढ़ करने के उद्देश्य से संचालित स्टूडेंट पुलिस एक्सपीरिएन्शल लर्निंग कार्यक्रम (SPEL-3.0) के तृतीय चरण के अंतर्गत पुलिस आयुक्त कार्यालय, सेक्टर-108 नोएडा में छात्र-छात्राओं के लिए शैक्षिक भ्रमण का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर विभिन्न शिक्षण संस्थानों से आए विद्यार्थियों को पुलिस आयुक्त कार्यालय स्थित साइबर प्रकोष्ठ, मादक पदार्थ निरोधक प्रकोष्ठ तथा परिवार परामर्श एवं विवाद निवारण केंद्र का भ्रमण कराया गया। भ्रमण के दौरान संबंधित अधिकारियों द्वारा विद्यार्थियों को इन इकाइयों की कार्यप्रणाली, वर्तमान समय में होने वाले अपराधों के प्रकार, उनसे बचाव के उपाय तथा पुलिस द्वारा की जाने वाली कार्यवाही के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी प्रदान की गई।
पुलिस उपायुक्त महिला सुरक्षा का संदेश
पुलिस उपायुक्त महिला सुरक्षा द्वारा विद्यार्थियों से संवाद स्थापित कर उन्हें महिला सुरक्षा, आत्मरक्षा, कानूनी अधिकारों तथा सामाजिक जिम्मेदारियों के विषय में जागरूक किया गया। साथ ही विद्यार्थियों को प्रेरित किया गया कि वे समाज में कानून के प्रति सम्मान की भावना विकसित करें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।
भ्रमण के दौरान की गई जानकारी
– एलआईयू, साइबर प्रकोष्ठ तथा मादक पदार्थ निरोधक प्रकोष्ठ के अधिकारियों द्वारा विद्यार्थियों को नए प्रकार के साइबर अपराधों, सोशल मीडिया से जुड़े जोखिमों, नशीले पदार्थों के दुष्प्रभाव एवं उनसे संबंधित कानूनी प्रावधानों के बारे में विस्तार से अवगत कराया गया।
– परिवार परामर्श एवं विवाद निवारण केंद्र के संबंध में जानकारी देते हुए बताया गया कि किस प्रकार पारिवारिक एवं सामाजिक विवादों का समाधान संवाद और परामर्श के माध्यम से कराया जाता है।
– थाना सूरजपुर, दादरी, इकोटेक-1 तथा बादलपुर की पुलिस टीमों द्वारा संयुक्त रूप से विद्यार्थियों को विभिन्न कार्यालयों का भ्रमण कराते हुए पुलिस की दैनिक कार्यप्रणाली, जनसुनवाई प्रक्रिया तथा अपराध नियंत्रण से संबंधित कार्यों से परिचित कराया गया।
