बरसाना में मिला संत प्रेमानंद का शिष्य अनुज, पहचान के बाद पुलिस ने परिवार वालों को सौंपा

उत्तर प्रदेश राज्य

संत प्रेमानंद महाराज के वृंदावन स्थित ‘केली कुंज’ आश्रम से लापता हुए किशोर को बरसाना पुलिस ने ढूंढ निकाला है. उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले के सादाबाद का रहने वाला 16 वर्षीय किशोर अनुज पिछले 3 महीने से लापता चल रहा था. बरसाना पुलिस ने शनिवार को अनुज को राधा बाग मार्ग स्थित लाडली दास आश्रम से सकुशल बरामद किया. इसके बाद आश्रम के बाहर धरने पर बैठे परिजनों के सौंप दिया.

जानकारी के अनुसार, हाथरस के सादाबाद का रहने वाला 16 साल का अनुज की आध्यात्मिक मामलों में गहरी रुचि थी. इसी के चलते वह करीब 3 महीने पहले बिना किसी को बताए घर से निकल गया था. परिजनों ने उसे हर जगह तलाशा. कुछ समय बाद परिजनों को भनक लगी कि अनुज वृंदावन पहुंच गया है. उसने संत प्रेमानंद महाराज के केली कुंज आश्रम में दीक्षा ग्रहण कर ली है. दीक्षा लेने के बाद अनुज का सांसारिक जीवन से मोहभंग हो गया था. उसने ठान लिया था कि वह अब लौटकर अपने घर वापस नहीं जाएगा.

आश्रम छोड़कर भागा अनुज

महीनों तक जब बेटे का कोई पुख्ता सुराग नहीं मिला. आश्रम प्रबंधन पर भी स्पष्ट जवाब न देने के आरोप लगे. अनुज के परिजनों को किसी प्रकार की अनहोनी की आशंका सताने लगी थी. परेशान होकर परिजनों ने वृंदावन पहुंचकर केली कुंज आश्रम के बाहर धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया. इस धरने के चलते आश्रम प्रबंधन में भी भारी हड़कंप मच गया. कई तरह के सवाल खड़े होने लगे. जैसे ही यह बात अनुज को पता चली कि उसके घरवाले उसे ले जाने के लिए धरना दे रहे हैं, वह गुपचुप तरीके से केली कुंज आश्रम से निकल गया और बरसाना के लाडली दास आश्रम में आकर शरण ले ली.

चौकी प्रभारी की तत्परता से परिवार से मिला किशोर

बरसाना में अनुज के छिपे होने की भनक लगते ही पुलिस एक्शन में आ गई. बरसाना कस्बा चौकी प्रभारी गौरव तोमर को जब लाडली दास आश्रम में एक अज्ञात किशोर के रहने की पुख्ता सूचना मिली, तो उन्होंने तत्काल वहां पहुंचकर अनुज से संपर्क किया. पूछताछ के बाद चौकी प्रभारी ने हाथरस की सादाबाद पुलिस और किशोर के परिजनों को सूचना दी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *