मानसून के बीच मतदाताओं की सुविधा के लिए प्रदेशभर में होंगे विशेष सुनवाई कैंप

उत्तराखंड राज्य

देहरादून। उत्तराखंड में विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान (एसआईआर) के दूसरे चरण के तहत मतदाताओं की सुविधा के लिए विशेष सुनवाई शिविर आयोजित किए जाएंगे। अभियान की तैयारियों को लेकर शुक्रवार को मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बी.वी.आर.सी. पुरुषोत्तम ने कुमाऊं और गढ़वाल मंडलों के आयुक्तों सहित सभी जिलाधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से समीक्षा बैठक की।

बैठक में उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मतदाता सूची के पुनरीक्षण कार्य के दौरान आम नागरिकों को किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि ड्राफ्ट मतदाता सूची के प्रकाशन, नोटिस जारी करने और दावे-आपत्तियों के निस्तारण की प्रक्रिया पूरी तरह सुगम और पारदर्शी होनी चाहिए।

उन्होंने निर्देश दिए कि मानसून के दौरान पर्वतीय क्षेत्रों में सड़क बाधित होने की स्थिति को देखते हुए विशेष सुनवाई कैंप लगाए जाएं, ताकि मतदाता आसानी से अपनी समस्याएं और दावे प्रस्तुत कर सकें।

जिन स्थानों पर निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (ईआरओ) और सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (एईआरओ) सुनवाई करेंगे, वहां बिजली, पेयजल, इंटरनेट, स्कैनर और फोटोकॉपी मशीन जैसी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।

डॉ. पुरुषोत्तम ने निर्देश दिए कि पर्वतीय जिलों में न्याय पंचायत स्तर पर क्लस्टर बनाकर सुनवाई शिविर आयोजित किए जाएं।

वहीं मैदानी क्षेत्रों में तहसील स्तर के अलावा नगर निगम, नगर पालिका, नगर पंचायत और वार्ड स्तर पर भी सुनवाई शिविरों का रोस्टर तैयार किया जाएगा, जिससे अधिक से अधिक मतदाता अभियान से जुड़ सकें।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने मतदाता सूची से जुड़े दस्तावेजों के सत्यापन के लिए शिक्षा, राजस्व और तहसील सहित संबंधित विभागों के नोडल अधिकारियों की नियुक्ति करने के निर्देश दिए।

उन्होंने बताया कि प्रदेश में वर्तमान में 70 ईआरओ और करीब 800 एईआरओ तैनात हैं। जिन जिलों में अतिरिक्त एईआरओ की आवश्यकता है, वहां से शनिवार तक प्रस्ताव मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय को भेजने के निर्देश दिए गए हैं।

बैठक में मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने कुमाऊं और गढ़वाल मंडलों के आयुक्तों को 14 जुलाई से जिलों का स्थलीय निरीक्षण करने के निर्देश दिए।

साथ ही सभी जिला निर्वाचन अधिकारियों और ईआरओ को निर्देशित किया गया कि ड्राफ्ट मतदाता सूची के प्रकाशन के बाद राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर उन्हें सूची उपलब्ध कराई जाए।

बैठक में कुमाऊं मंडल के आयुक्त दीपक रावत, गढ़वाल मंडल के आयुक्त आनंद स्वरूप, अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदंडे, संयुक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी प्रकाश चंद्र दुम्का, उप मुख्य निर्वाचन अधिकारी किशन सिंह नेगी, सहायक मुख्य निर्वाचन अधिकारी मस्तू दास सहित सभी जिलाधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *