सैफई ( इटावा) रसोई गैस सिलेंडर की बढ़ती कीमतों और महंगाई के विरोध में समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने शनिवार को सैफई थाने के पास स्थित गोल चक्कर पर जोरदार धरना-प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान सपा कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और योगी-मोदी के मुर्दाबाद के नारे लगाए। महिला कार्यकर्ताओं ने सड़क किनारे चूल्हा जलाकर उस पर रोटी बनाकर अनोखे अंदाज में विरोध जताया और कहा कि बढ़ती गैस कीमतों ने आम आदमी की रसोई पर संकट खड़ा कर दिया है।
प्रदर्शन का नेतृत्व सपा के सैफई ब्लॉक अध्यक्ष संतोष शाक्य, छात्र सभा के जिलाध्यक्ष रवि यादव और छात्र सभा के प्रदेश सचिव विजय यादव कर रहे थे।
इस दौरान करीब दो दर्जन से अधिक सपा कार्यकर्ता और महिला कार्यकर्ता मौके पर मौजूद रहीं। कार्यकर्ताओं ने हाथों में गैस सिलेंडर लेकर महंगाई के विरोध में नारेबाजी की और कहा कि गैस सिलेंडर की कीमतें लगातार बढ़ने से गरीब और मध्यम वर्ग के परिवारों के लिए रसोई चलाना मुश्किल होता जा रहा है।
प्रदर्शन के दौरान सपा कार्यकर्ता सबसे पहले गोल चक्कर के पास सड़क किनारे फुटपाथ पर चूल्हा जलाकर उस पर रोटी बना रहे थे और प्रशासनिक अधिकारियों के पहुंचने का इंतजार कर रहे थे, ताकि उन्हें ज्ञापन सौंपा जा सके। कार्यक्रम थाने के ठीक सामने रखा गया था, लेकिन काफी देर तक न तो कोई प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचा इससे नाराज सपा कार्यकर्ताओं का आक्रोश बढ़ गया। गुस्साए कार्यकर्ता सड़क के बीचों-बीच बैठ गए और जमकर नारेबाजी शुरू कर दी, कुछ देर बाद थाने से महिला दरोगा सुमन पाल, कांस्टेबल अनुराग और हेड कांस्टेबल मानवेंद्र सिंह मौके पर पहुंचे। इसी दौरान तहसीलदार सैफई आभा चौधरी भी मौके पर पहुंचीं और सपा कार्यकर्ताओं से ज्ञापन लिया। ज्ञापन सौंपे जाने के बाद प्रदर्शन समाप्त कर दिया गया।
प्रदर्शन में पंकज यादव, पुनीत पाल, उम्मेद यादव, पुष्पेंद्र यादव नगला हरनाथ, अजय यादव, के.के. यादव, बूटानी अन्नू, सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।
