बिजली घर चौराहे पर टेंपो चालकों का आतंक, ट्रैफिक व्यवस्था बेपटरी—कार्रवाई के नाम पर खानापूर्ति

उत्तर प्रदेश राज्य

पुलिस की ढिलाई और ठेकेदारों के हस्तक्षेप से नियमों की उड़ रही धज्जियां, आम जनता परेशान

आगरा :- शहर के व्यस्त बिजली घर चौराहे पर इन दिनों टेंपो चालकों का आतंक साफ तौर पर देखा जा सकता है। चौराहे के चारों ओर अव्यवस्थित तरीके से खड़े टेंपो न केवल ट्रैफिक जाम का कारण बन रहे हैं, बल्कि आम लोगों के लिए भी परेशानी का सबब बन गए हैं। रोजाना यहां लंबा जाम लगता है, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि ट्रैफिक पुलिस इस समस्या को लेकर गंभीर नहीं है। कार्रवाई के नाम पर केवल खानापूर्ति की जा रही है। कभी-कभार पुलिसकर्मी टेंपो पकड़ते जरूर हैं, लेकिन कुछ ही देर बाद उन्हें छोड़ दिया जाता है।
चौंकाने वाली बात यह है कि जब पुलिस किसी टेंपो को पकड़ती है, तो ठेकेदारों के हस्तक्षेप के बाद उसे तुरंत छोड़ दिया जाता है। इससे यह संदेह गहराता है कि पूरे मामले में मिलीभगत हो सकती है। स्थानीय लोगों का कहना है कि चौराहे पर तैनात ठेकेदारों द्वारा प्रतिदिन पुलिसकर्मियों की “सेवा” की जाती है, जिसके चलते नियमों का पालन सुनिश्चित नहीं हो पाता।
इस लापरवाही का खामियाजा आम जनता को भुगतना पड़ रहा है। व्यापारियों को रोजाना जाम और अव्यवस्था से जूझना पड़ता है।
स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि इस समस्या का स्थायी समाधान निकाला जाए। चौराहे पर सख्ती से ट्रैफिक नियम लागू किए जाएं और अवैध रूप से खड़े टेंपो चालकों पर कड़ी कार्रवाई की जाए, ताकि लोगों को राहत मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *