उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को यूपी चुनाव 2027 में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की लगातार तीसरी बार जीत का दावा किया। मुख्यमंत्री ने भाजपा की तुलना काशी से करते हुए इसे भारतीय राजनीति में “अविनाशी” बताया और कहा कि राज्य में पार्टी की हैट्रिक लगना तय है। उन्होंने सपा प्रमुख अखिलेश को भी अपनी पिच पर खेलने की चुनौती।
एनडीटीवी के कार्यक्रम में बोलते हुए योगी आदित्यनाथ ने कहा, “काशी अविनाशी है। ठीक उसी तरह भारतीय राजनीति में भाजपा भी अविनाशी है। इसमें कोई संदेह नहीं है कि हम लगातार तीसरी बार सत्ता में लौटेंगे और हैट्रिक लगेगी।”
हम भी यही चाहते हैं कि वो हमारी पिच में आकर के खेलें: योगी
इस दौरान CM योगी से पूछा गया कि आप समाजवादी पार्टी, कांग्रेस और इंडिया गठबंधन को हिंदू विरोधी कहते हैं। जब से राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा हुई, तब से उन्हें चैलेंज दिया जाता है कि वे राम मंदिर जाएं, अब अखिलेश यादव दिसंबर में राम मंदिर जा रहे हैं, तो कहीं उन्होंने आपकी पिच पर खेलने तो शुरू नहीं कर दिया?
इस पर उन्होंने कहा, “हम भी यही चाहते हैं कि वो हमारी पिच में आकर के खेलें। और आपको यह भी मालूम होगा कि दो नावों की सवारी हमेशा नाविक को डुबोती है। हम भी चाहते हैं कि जनता के बीच आने के पहले ही वह हमारी पिच पर आकर के हमारी नाव से सवारी करना शुरू करें, जिससे उसे डुबोने में और मदद मिलेगी।
उन्होंने आगे कहा, “इसलिए हमें खुशी है कि जिस अयोध्या के आंदोलन को उन्होंने हमेशा विरोध किया। जब हम अयोध्या के बारे में कहते थे कि रामलला हम आएंगे, मंदिर वहीं बनाएंगे। उस राम मंदिर आंदोलन में राम भक्तों पर गोली चलाते थे, लाठी डंडा चलाते थे। उन पर फर्जी मुकदमे दर्ज करते थे। जिस अयोध्या के अस्तित्व पर वो सवाल खड़ा करते थे, आज वे वहां जा रहे हैं। लेकिन मैं कहता हूं उनको अयोध्या जाने के साथ-साथ राम भक्तों से माफी भी मांगनी चाहिए।”
गोरखपुर के बुलडोजर हादसे पर योगी का तंज
हाल ही में अखिलेश यादव के गोरखपुर दौरे और वहां हुए बुलडोजर से जुड़े हादसे का जिक्र करते हुए योगी आदित्यनाथ ने सपा प्रमुख पर चुटकी ली। उन्होंने कहा कि बुलडोजर चलाने के लिए एक खास तरह की इच्छाशक्ति और दृढ़ संकल्प की जरूरत होती है।
सीएम योगी ने तंज कसते हुए कहा, “गोरखपुर में उन्होंने ‘बुलडोजर’ की सवारी करने की कोशिश की, लेकिन वे भूल गए कि बुलडोजर के बारे में बात करना तो आसान है, पर हर कोई इसका स्टीयरिंग नहीं संभाल सकता। इसे चलाने के लिए एक खास तरह की इच्छाशक्ति और दृढ़ संकल्प वाले व्यक्ति की जरूरत होती है।”
‘गोरखपुर ही नहीं, पूरा उत्तर प्रदेश मेरा घर है’
गोरखपुर की सभी विधानसभा सीटें जीतने के अखिलेश यादव के दावे पर पलटवार करते हुए मुख्यमंत्री ने पुराने चुनावी नतीजों का हवाला दिया। उन्होंने कहा कि जब प्रदेश में सपा की सरकार थी, तब भी भाजपा ने गोरखपुर में जीत दर्ज की थी और सपा उम्मीदवारों की जमानत तक जब्त हो गई थी।
आगामी चुनावों में पूरे प्रदेश में जीत का भरोसा जताते हुए योगी आदित्यनाथ ने कहा, “2017, 2022 और 2024 में भाजपा ने गोरखपुर की सभी सीटें जीती हैं। और बात सिर्फ गोरखपुर की नहीं है; पूरा उत्तर प्रदेश मेरा घर है। उत्तर प्रदेश की सभी सीटों पर भाजपा और उसका गठबंधन यही परिणाम दोहराएगा।”
