UKBOCW का नया डिजिटल पोर्टल श्रमिकों के कौशल विकास में लाएगा पारदर्शिता और प्रभावशीलता

उत्तराखंड राज्य

देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज उत्तराखण्ड भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड (UKBOCW), श्रम विभाग द्वारा विकसित श्रमिक प्रशिक्षण प्रबंधन प्रणाली (Training Management System – TMS) का शुभारंभ किया। यह पोर्टल पंजीकृत श्रमिकों एवं उनके आश्रित परिवारजनों के कौशल विकास को पारदर्शी, प्रभावी और पूर्णतः ऑनलाइन बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह पोर्टल श्रमिकों के प्रशिक्षण कार्यक्रमों को तकनीक से जोड़कर पारदर्शिता सुनिश्चित करेगा तथा कौशल विकास को रोजगार से बेहतर ढंग से जोड़ेगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रशिक्षण के बाद श्रमिकों के सर्वांगीण विकास से जुड़ी अन्य आवश्यकताओं पर भी प्रभावी कार्यवाही की जाए। साथ ही राज्य के उद्यमियों से कौशल आवश्यकताओं को लेकर नियमित फीडबैक लेने पर जोर दिया।

मुख्यमंत्री ने क्षेत्रीय जरूरतों के अनुरूप प्लम्बर, कारपेंटर, इलेक्ट्रीशियन जैसे व्यवसायों में प्रशिक्षण को प्राथमिकता देने के निर्देश देते हुए कहा कि इससे स्थानीय श्रमिकों को स्थानीय स्तर पर रोजगार मिलेगा और क्षेत्रीय संतुलन बनाए रखने में मदद मिलेगी। उन्होंने प्रशिक्षणोपरांत फॉरवर्ड लिंकेज को मजबूत करने तथा श्रम विभाग द्वारा संचालित डीबीटी योजनाओं की सराहना करते हुए UKBOCW को अपनी आय बढ़ाने के निरंतर प्रयास करने के निर्देश भी दिए।

श्रम विभाग के सचिव डॉ. श्रीधर बाबू अद्दंकी ने बताया कि मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार विभाग सभी योजनाओं को अधिक पारदर्शी और परिणामोन्मुखी बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रहा है।

इस अवसर पर श्रमायुक्त पी.सी. दुमका ने पोर्टल की कार्यप्रणाली पर विस्तृत प्रस्तुतीकरण देते हुए बताया कि TMS के माध्यम से प्रशिक्षण प्रदाताओं, मूल्यांकनकर्ताओं, प्रशिक्षण केंद्रों और प्रशिक्षकों का चयन भारत सरकार में इम्पैनल्ड संस्थाओं एवं प्रमाणित व्यक्तियों से पूरी तरह ऑनलाइन प्रक्रिया द्वारा किया जाएगा। प्रशिक्षण कार्यक्रमों की उपस्थिति और मूल्यांकन भी डिजिटल माध्यम से सुनिश्चित होंगे।

उन्होंने बताया कि इस पोर्टल से प्रशिक्षण कार्यक्रमों में पूर्ण पारदर्शिता, डुप्लीकेसी की रोकथाम, प्रशिक्षण गुणवत्ता में सुधार, प्रशिक्षित श्रमिकों का केन्द्रीयकृत डाटाबेस तथा प्रशिक्षण प्रदाताओं और संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही सुनिश्चित होगी।कार्यक्रम में प्रमुख सचिव आर.के. सुधांशु सहित अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *