उत्तराखंड BJP का ‘मिशन 2027’: बांसुरी स्वराज ने कार्यकर्ताओं को सौंपे 5 मुख्य टास्क, चार महीने का दिया अल्टीमेटम

उत्तराखंड राज्य

देहरादून। उत्तराखंड में वर्ष 2027 की चुनावी तैयारी को भाजपा ने अगले चार महीनों के लक्ष्य से जोड़ दिया है। पार्टी की सह प्रभारी एवं सांसद बांसुरी स्वराज ने अपने पहले प्रवास में कार्यकर्ताओं के सामने चुनावी एजेंडा रखते हुए संगठन की एकजुटता, युवा-महिला कनेक्ट, सरकार की उपलब्धियों के प्रचार, व्यापक जनसंपर्क और विपक्ष के नैरेटिव का जवाब देने के पांच टास्क दिए।

उनका संदेश साफ था कि चुनाव की तैयारी बैठकों तक सीमित न रहे, बल्कि जनता के बीच दिखाई दे। बांसुरी ने कार्यकर्ताओं से अगले चार महीने जी-जान से जुटने और अंतर्कलह से बचने को कहा। उन्होंने आकांक्षा व महत्वाकांक्षा के अंतर को समझने की नसीहत देते हुए संगठन की सामूहिक ताकत के साथ मैदान में उतरने पर जोर दिया।

उनकी रणनीति में युवा और महिला कनेक्ट पर खास फाेकस रहा। उन्होंने महिला व युवा मोर्चों को केवल कार्यक्रमों तक सीमित न रहने, बल्कि जनसंपर्क की सक्रिय कड़ी बनने को कहा। युवाओं से जुड़ने के लिए उनकी भाषा और रुचि के अनुरूप कार्यक्रम तैयार करने तथा स्थानीय स्तर पर लगातार संवाद बढ़ाने पर जोर दिया।

सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने का भी उन्होंने प्रमुख टास्क दिया। कहा कि जनसंपर्क सिर्फ कार्यक्रमों में मौजूदगी और फोटो तक सीमित नहीं होना चाहिए। कार्यकर्ता जनता के बीच जाकर सरकार के काम की जानकारी दें और लाभार्थियों समेत विभिन्न सामाजिक समूहों से सीधा संवाद बनाएं।

जनसंपर्क का दायरा बढ़ाने के लिए उन्होंने आंगनबाड़ी केंद्रों से जुड़ने, भजन और बैंड क्लब जैसे स्थानीय समूहों के आयोजनों में सहभागिता बढ़ाने तथा सेवा संकल्प अभियान को जनसंवाद से जोड़ने का सुझाव दिया।

सेवा संकल्प ज्योति यात्रा को भी उन्होंने जनता से संपर्क का माध्यम बनाने की बात कही। उनका जोर नेताओं की औपचारिक सहभागिता के बजाय वास्तविक जनसंवाद पर रहा। विपक्ष के राजनीतिक नैरेटिव को जवाब देना भी उनके टास्क में शामिल रहा।

स्वराज ने कहा कि धर्म, क्षेत्र, जाति और भाषा के बाद अब युवाओं को उम्र के आधार पर बांटने की कोशिश हो रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से ऐसी राजनीति को जनता के सामने उजागर करने को कहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *