जल जीवन मिशन की योजनाओं पर अब तय दरों से लगेगा जल शुल्क

उत्तराखंड राज्य

रुद्रपुर। अधिशासी अभियंता, निर्माण शाखा, उत्तराखण्ड पेयजल निगम, उधम सिंह नगर सुनील जोशी ने बताया कि उत्तराखण्ड शासन की अधिसूचना के अनुसार जल जीवन मिशन के अंतर्गत निर्मित पेयजल योजनाओं के संचालन एवं अनुरक्षण की व्यवस्था उत्तराखण्ड पेयजल संसाधन विकास एवं निर्माण निगम को सौंपी गई है। ‘‘ग्राम्य पेयजल योजनाओं का संचालन एवं रखरखाव नीति-2025’’ के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में जल शुल्क शासन द्वारा स्वीकृत दरों के अनुसार लिया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि एक टोटी युक्त जल संयोजन हेतु गुरुत्व श्रेणी में 122.65 रुपये, लोहेड में 133.80 रुपये तथा हाईहेड में 149.41 रुपये प्रतिमाह जल शुल्क निर्धारित है। दो टोटी युक्त संयोजन हेतु क्रमशः 149.41 रुपये, 167.25 रुपये एवं 200.70 रुपये, तीन टोटी युक्त संयोजन हेतु 225.90 रुपये, 281.12 रुपये एवं 338.85 रुपये तथा चार या उससे अधिक टोटी युक्त संयोजन हेतु 281.12 रुपये, 338.85 रुपये एवं 376.50 रुपये प्रतिमाह जल शुल्क निर्धारित है।

श्री जोशी ने बताया कि जनपद उधम सिंह नगर में सामान्यतः 133.80 रुपये प्रति संयोजन प्रतिमाह की दर से जल शुल्क का बिल जमा कराया जाता है। उन्होंने उपभोक्ताओं से निर्धारित जल शुल्क समय से जमा करने की अपील करते हुए कहा कि उपभोक्ताओं के सहयोग से पेयजल योजनाओं का बेहतर संचालन एवं रखरखाव सुनिश्चित किया जा सकेगा तथा आमजन को निर्बाध एवं गुणवत्तापूर्ण पेयजल उपलब्ध कराया जा सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *