कहां-कहां से आ गए थे, चवन्नी का रुपया बना दिया, फिर भी… अखिलेश का बिना नाम लिए जंयत पर हमला

उत्तर प्रदेश राज्य

समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बिना नाम लिए राष्ट्रीय लोकदल (RLD) और केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी पर निशाना साधा है. लखनऊ में वीरांगना महारानी अवंती बाई लोधी की जयंती पर आयोजित कार्यक्रम में अखिलेश यादव ने कहा, ‘हम लोगों ने चवन्नी का रुपया बना दिया, फिर भी हमें छोड़कर चले गए.’ उनके इस बयान को जयंत चौधरी और आरएलडी के समाजवादी पार्टी का साथ छोड़कर बीजेपी के नेतृत्व वाले एनडीए में शामिल होने से जोड़कर देखा जा रहा है.

अखिलेश यादव रविवार को लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में वीरांगना महारानी अवंती बाई लोधी की 196वीं जयंती पर आयोजित सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे. कार्यक्रम में उन्होंने महारानी अवंती बाई लोधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण और पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी.

अखिलेश यादव ने अपने संबोधन के दौरान सहयोगी दलों और राजनीतिक साथियों का जिक्र करते हुए बिना नाम लिए आरएलडी और जयंत चौधरी पर तंज कसा. उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी ने अपने सहयोगियों को आगे बढ़ाने का काम किया, लेकिन इसके बावजूद कुछ लोग उनका साथ छोड़कर चले गए.

गौरतलब है कि समाजवादी पार्टी और आरएलडी ने 2022 का उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव गठबंधन में लड़ा था. इसके बाद दोनों दल साथ बने रहे, लेकिन 2024 के लोकसभा चुनाव से पहले जयंत चौधरी की आरएलडी ने सपा से दूरी बनाकर बीजेपी के नेतृत्व वाले एनडीए का दामन थाम लिया था.

विधानसभा चुनाव को बताया महत्वपूर्ण

अखिलेश यादव ने आगामी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को बेहद महत्वपूर्ण बताते हुए पार्टी कार्यकर्ताओं से एक-एक वोट जोड़ने की अपील की. उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी पीडीए आंदोलन को लेकर आगे बढ़ी और इसका फायदा पार्टी को मिला.

उन्होंने लोधी समाज के राजनीतिक प्रतिनिधित्व का जिक्र करते हुए कहा कि लोकसभा चुनाव में समाज को जो सीट दी गई थी, उसे जीतकर पार्टी की झोली में डाल दिया गया. अखिलेश ने बुंदेलखंड के चुनावी नतीजों का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा कि एक समय बुंदेलखंड में समाजवादी पार्टी का खाता तक नहीं खुलता था, लेकिन लोकसभा चुनाव में पार्टी ऐसी सीट भी जीत गई, जिसके बारे में जीतने की उम्मीद नहीं की जाती थी.

‘PDA में सभी को जोड़कर बनाएंगे गुलदस्ता’

सपा अध्यक्ष ने कहा कि पीडीए में सभी लोगों को शामिल करके एक ‘गुलदस्ता’ बनाया जाएगा. उन्होंने कहा कि पीडीए की सरकार बनाने और सामाजिक न्याय की स्थापना के लिए समाजवादी पार्टी सभी वर्गों को अपने साथ जोड़ेगी और सभी को सम्मान देगी.

इस दौरान अखिलेश यादव ने ऐलान किया कि उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर वीरांगना अवंती बाई लोधी की जयंती के अवसर पर 16 अगस्त को सरकारी छुट्टी घोषित की जाएगी. उन्होंने कहा कि सरकार की ओर से उनके सम्मान में कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे और लखनऊ के गोमती रिवरफ्रंट पर वीरांगना अवंती बाई लोधी की प्रतिमा स्थापित की जाएगी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *