राम मंदिर निर्माण रोकने वाले अब दूसरे हथकंडों से अयोध्या को बदनाम कर रहे; योगी का सपा पर हमला

उत्तर प्रदेश राज्य

गोरखपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अयोध्या में राम मंदिर निर्माण और रामभक्ति की राजनीति को लेकर वनटांगिया गांव से समाजवादी पार्टी व कांग्रेस पर सीधा हमला बोला। दोनों दलों पर अयोध्या की विरासत व विकास के खिलाफ सुनियोजित दुष्प्रचार करने का आरोप लगाया।

उन्होंने कहा कि अयोध्या में राम मंदिर निर्माण और विकास की गति को रोकने में नाकाम रहे विपक्षी दल अब उसे बदनाम करने में जुटे हैं। उन्हें डर है कि विरासत और विकास की यह यात्रा इसी मजबूती से आगे बढ़ती रही तो उनकी राजनीति हमेशा के लिए दफन हो जाएगी।

जिन दलों ने कभी उत्तर प्रदेश के सामने पहचान का संकट खड़ा किया था, आज वही अपनी पहचान बचाने के संकट से जूझ रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा की सरकार ने प्रदेश को नई दिशा दी है और यह यात्रा रुकने वाली नहीं है।

मुख्यमंत्री रविवार को वनटांगिया गांव जंगल तिनकोनिया नंबर तीन में दीपावली मनाने पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने वनटांगिया परिवारों के बीच सरकार की उपलब्धियां गिनाने के साथ विपक्ष पर जमकर प्रहार किया। उन्होंने कहा कि 2017 से पहले अयोध्या में जय श्रीराम बोलने पर प्रतिबंध लगाया जाता था।

रामभक्तों पर लाठी-गोली चलती थी और राम के अस्तित्व पर ही सवाल खड़े किए जाते थे। अयोध्या में परिंदा भी पर नहीं मार सकता, ऐसा कहने वाले लोग ही राम मंदिर के विरोध में खड़े थे। आज वही लोग अयोध्या के विकास और रामभक्तों के बढ़ते कारवां को देखकर बेचैन हैं। जब वह इस प्रवाह को रोक नहीं पाए तो अब दुष्प्रचार का सहारा ले रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने परिवारवाद को लेकर भी सपा और कांग्रेस पर निशाना साधा। बिना दलों का नाम लिए कहा कि एक दल के लिए गांधी-नेहरू परिवार और दूसरे के लिए सैफई परिवार ही सबकुछ है। इसके विपरीत भाजपा सरकार के लिए उत्तर प्रदेश की 25 करोड़ आबादी एक परिवार है। इसमें जाति, क्षेत्र, गांव, शहर, अमीरी और गरीबी का भेद नहीं है।

निषाद, दलित, राजभर, चौहान समेत सभी वर्गों को एक परिवार मानकर सरकारी योजनाओं से जोड़ने का काम किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा नेतृत्व वाले एनडीए और सपा-कांग्रेस के पीडीए के बीच बुनियादी अंतर उनकी सोच में है। एक तरफ ऐसे दल हैं जिनका हर जवाब ‘ना’ में होता है, दूसरी तरफ भाजपा सरकार का हर जवाब ‘हां’ में है।

परिवार की चिंता करने वालों ने की वंचितों के हितों की अनदेखी

योगी ने कहा कि वनटांगिया गांवों में रहने वाले परिवार अति पिछड़े, वंचित और दलित समाज से आते हैं। इन परिवारों को पहले भी बुनियादी सुविधाएं दी जा सकती थीं, लेकिन इसके लिए इच्छाशक्ति और गरीबों के प्रति संवेदनशीलता जरूरी थी। जिन लोगों ने सत्ता में रहते हुए केवल अपने परिवार की चिंता की, उनसे गरीबों, दलितों और वंचितों के हितों की उम्मीद करना दिवास्वप्न देखने जैसा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि शासन का उद्देश्य सत्ता का लाभ किसी परिवार विशेष तक सीमित रखना नहीं, बल्कि समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाना है।

2017 के बाद विकास कार्यों ने पकड़ी गति

कार्यक्रम में मौजूद वनटांगियों से संवाद करते हुए मुख्यमंत्री ने पूछा कि 2017 से पहले क्या उनके गांव में पक्की सड़क, स्कूल, बिजली और पेयजल की व्यवस्था थी? क्या उन्हें राशन कार्ड, पक्का मकान और आयुष्मान कार्ड मिला था? ग्रामीणों ने सभी सवालों का जवाब ना में दिया। इसके बाद मुख्यमंत्री ने मौजूदा व्यवस्थाओं का जिक्र करते हुए पूछा कि क्या अब ये सुविधाएं उपलब्ध हैं? लोगों ने हाथ उठाकर हां में जवाब दिया।

उसके बाद योगी ने कहा कि पहले बच्चे ढिबरी की रोशनी में पढ़ने को मजबूर थे। आज गांवों तक बिजली, सड़क और पेयजल पहुंचा है। गरीबों को राशन, आवास और स्वास्थ्य सुरक्षा का लाभ मिल रहा है।

उन्होंने कहा कि 2017 में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आह्वान पर प्रदेश में भाजपा सरकार बनने के बाद विकास कार्यों ने गति पकड़ी। सड़क, एयरपोर्ट और रेलवे नेटवर्क के विस्तार के साथ जनता को बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने का काम हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *