थाना सेक्टर-126 पुलिस द्वारा छात्र पर जानलेवा हमला करने वाला 01 वांछित अभियुक्त गिरफ्तार

नोएडा। दिनांक 11.10.2024 को वादी मुकदमा द्वारा थाना सेक्टर-126 पर तहरीर देकर सूचना दी गई कि वह अपने साथी गौरिश भाटी निवासी सलारपुर व अन्य सहपाठियों के साथ अपनी कार से सुपरनोवा की तरफ जा रहे थे, तभी स्मार्टवर्क्स बिल्डिंग के सामने खडे 1-पृथ्वी अवाना पुत्र वीर पाल अवाना 2-गोविन्द अवाना 3-सागर डागर पुत्र जितेन्द्र डागर द्वारा अपने साथियों के साथ मिलकर उनके ऊपर अस्लाह से फायर किया गया जिससे वादी मुकदमा के साथी गौरिश भाटी की जांघ में गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। इस संबंध में थाना सेक्टर-126 पर मु0अ0सं0- 239/24 धारा 109(1)/351(3) बी.एन.एस बनाम गोविन्द अवाना उपरोक्त आदि पंजीकृत किया गया था।
दिनांक 13.10.2024 को थाना सेक्टर-126 पुलिस द्वारा लोकल इंटेलिजेंस व तकनीकी साक्ष्यों की सहायता से थाना क्षेत्र के गंदा नाला रोड सेक्टर-94 नोएडा से मुकदमा उपरोक्त में वांछित अभियुक्त सागर डागर पुत्र जितेन्द्र डागर को गिरफ्तार किया गया है। विवेचना के आधार पर उपरोक्त मुकदमा में धारा 191(2)/191(3)/190 बी.एन.एस. की वृद्धि की गयी है। अन्य वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी हेतु प्रयास जारी है।
अभियुक्त सागर द्वारा पूछताछ के दौरान बताया गया कि वह अपने साथियों के साथ दिनांक 10.10.2024 को सेक्टर-125 के वैंडर जोन में था। तभी उसका मित्र वादी मुकदमा से टकरा गया था जिससे उनके बीच कहासुनी हो गई थी, जिसके बाद दिनांक 11.10.2024 को अभियुक्त द्वारा अपने साथियों के साथ मिलकर वादी मुकदमा पर हमला किये जाने की योजना बनाई थी जिसमें वादी मुकदमा के दोस्त गौरिश भाटी की जांघ में गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया था।
