मेरठ में 16 से 18 अक्टूबर 2024 तक विशाल अखिल भारतीय कृषक मेले का आयोजन

सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, मोदीपुरम, मेरठ में 16 से 18 अक्टूबर 2024 के बीच एक अखिल भारतीय किसान मेला एवं कृषि उद्योग प्रदर्शनी का आयोजन किया जा रहा है । प्रतिवर्ष आयोजित होने वाले इस मेले के मुख्य आकर्षण रबी फसलों के उन्नतशील प्रजातियों के बीज़ की बिक्री, फलदार प्रजातियों के पौधों की बिक्री, कृषि तथा कृषि से संबंधित विभिन्न विधाओं के नवीनतम तकनीकी जैसे ड्रोन का सजीव प्रदर्शन, कृषि प्रशिक्षण,किसान गोष्ठी तथा चौपाल हैं। किसान मेले के प्रमुख आयोजक, निदेशक प्रसार, डॉ. पी. के. सिंह द्वारा बताया गया की मेले में कृषकों हेतु विशेष रूप से फल फूल, शाक-भाजी, एवं परिरक्षित पदार्थ की प्रतियोगिता, पशु प्रदर्शनी एवं प्रतियोगिता आयोजित की जा रही है । विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. के. के. सिंह द्वारा मेले में देश भर से आने वाले कृषकों,उद्यमियों तथा छात्र-छात्राओं हेतु उचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं ।
विश्वविद्यालय से संबद्ध कृषि विज्ञान केंद्र, गौतम बुद्ध नगर के प्रभारी अधिकारी डॉ विपिन कुमार ने गौतम बुद्ध नगर जिले के कृषक एवं कृषक महिलाओं से अधिक से अधिक संख्या में किसान मेले में प्रतिभाग कर कृषि, उद्यान, महिला सशक्तिकरण, मृदा एवं जल परीक्षण, मत्स्य पालन, बागवानी एवं पशुपालन संबंधी जानकारी प्राप्त करने की अपील की है।
