गाजीपुर जनपद के जमानियां कोतवाली क्षेत्र में सर्किल 4 के आबकारी विभाग के निरीक्षक एन.के.मिश्रा पर गंभीर आरोप लगने से हड़कंप मच गया है। देशी शराब की दुकान पर तैनात सेल्समैन महेंद्र सिंह निवासी बक्सर, बिहार ने आरोप लगाया है कि निरीक्षक ने अपने पद का दुरुपयोग करते हुए उससे अवैध धन की मांग की और विरोध करने पर सरेआम मारपीट की।
पीड़ित के अनुसार, घटना शुक्रवार रात की है जब निरीक्षक अपने एक सिपाही के साथ दुकान पर पहुंचे और स्टॉक रजिस्टर में कथित कमी का हवाला देते हुए पैसे की मांग करने लगे। जब सेल्समैन ने पैसे देने से इनकार किया, तो निरीक्षक ने गाली-गलौज करते हुए उसके साथ मारपीट की। आरोप है कि उसे थप्पड़ मारे गए, डंडे से पीटा गया एवं मुकदमा लगाकर जेल भेजने की धमकी दी और अपमानित किया गया।
इस घटना के बाद पीड़ित सेल्समेन एवं मैनेजर चंद्रशेखर सिंह ने उच्चाधिकारियों को लिखित शिकायत देकर न्याय की गुहार लगाई है। मामले को लेकर स्थानीय लोगों में भी आक्रोश है और दोषी निरीक्षक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग उठ रही है।
सूत्रों के हवाले से बड़ा खुलासा
सूत्रों की मानें तो गाजीपुर एवं अन्य जिलों में एन.के.मिश्रा निरीक्षक के पास नामी-बेनामी रूप से करोड़ों की संपत्ति होने की भी चर्चा है। पीड़ित पक्ष ने इस पहलू की भी निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है, ताकि यदि कोई आर्थिक अनियमितता सामने आती है तो उस पर भी सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
तत्काल कार्रवाई की मांग
जनप्रतिनिधियों और सामाजिक संगठनों ने प्रशासन से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच कर दोषी निरीक्षक को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया जाए। साथ ही, पीड़ित को सुरक्षा और न्याय दिलाने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं।
प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार, शिकायत को गंभीरता से लिया गया है और विभागीय जांच की प्रक्रिया शुरू करने की तैयारी की जा रही है। अब देखना यह होगा कि प्रशासन इस मामले में कितनी तेजी और पारदर्शिता से कार्रवाई करता है, ताकि जनता का भरोसा कायम रह सके।
