श्रीनगर में बैकुंठ चतुर्दशी मेले का आगाज, लालकुआं में स्व. प्रहलाद मेहरा को सीएम धामी ने दी श्रद्धांजलि

उत्तराखंड राज्य

श्रीनगर/नैनीताल: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जहां सोमवार को श्रीनगर में बैकुंठ चतुर्दशी मेले का शुभारंभ किया तो वहीं नैनीताल जिले के लालकुआं कोतवाली क्षेत्र में अमर लोक गायक स्वर्गीय प्रहलाद मेहरा की स्मृति में आयोजित लोक थात सांस्कृतिक महोत्सव-2026 में भी शिरकत की. इस मौके पर सीएम धामी ने अपनी सरकारी की उपलब्धियों को भी गिनाया.

सीएम ने किया बैकुंठ चतुर्दशी मेले का विधिवत शुभारंभ: सोमवार को सीएम धामी ने रिबन काटकर बैकुंठ चतुर्दशी मेले का विधिवत शुभारंभ किया. इस दौरान उन्होंने राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन एवं ग्रामोत्थान परियोजना के तहत लगाए गए स्थानीय उत्पादों और महिला स्वयं सहायता समूहों के कार्यों की जानकारी ली. पहाड़ की पारंपरिक संस्कृति से जुड़ाव प्रदर्शित करते हुए उन्होंने सिलबट्टे पर नमक भी पीसा. कार्यक्रम के उपरांत मुख्यमंत्री ने कमलेश्वर महादेव मंदिर पहुंचकर विधिवत पूजा-अर्चना की और प्रदेश की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की.

इस दौरान सीएम धामी ने अपने संबोधन में कमलेश्वर महादेव का स्मरण करते हुए कहा कि इस पावन धरा पर पहुंचना उनके लिए सौभाग्य की बात है. अलकनंदा के तट पर बसी श्रीनगर नगरी का धार्मिक, सांस्कृतिक और शैक्षणिक इतिहास अत्यंत गौरवशाली है. हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल केंद्रीय विश्वविद्यालय ने इस नगर को देशभर में विशिष्ट पहचान दिलाई है. यहां से शिक्षा प्राप्त कर निकले विद्यार्थी देश के विभिन्न क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा का परचम लहरा रहे हैं.

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने भ्रष्टाचार, नकल माफिया और अवैध गतिविधियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की है. नकल विरोधी कानून के तहत 100 से अधिक नकल माफिया को जेल भेजा गया है, जबकि पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया के माध्यम से 36 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी दी गई है. सरकारी भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराने के लिए भी अभियान चलाया गया है. उन्होंने कहा कि सरकार विकास भी और विरासत भी के संकल्प के साथ उत्तराखंड को देश का सर्वश्रेष्ठ राज्य बनाने की दिशा में कार्य कर रही है.

लोक थात सांस्कृतिक महोत्सव-2026 में भी शिरकत: श्रीनगर में बैकुंठ चतुर्दशी मेले का शुभारंभ करने के बाद सीएम धामी नैनीताल पहुंचे. लालकुआं में सीएम धामी ने लोकगायक स्वर्गीय प्रहलाद मेहरा की स्मृति में आयोजित लोक थात सांस्कृतिक महोत्सव-2026 में शिरकत की. मुख्यमंत्री ने प्रहलाद मेहरा के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी. कार्यक्रम में लोक कलाकारों ने उनके लोकप्रिय गीतों की प्रस्तुति दी. वहीं मुख्यमंत्री ने बिंदुखत्ता को राजस्व गांव बनाने की वर्षों पुरानी मांग पर जल्द सकारात्मक परिणाम आने की उम्मीद जताई.

यहां भी जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री धामी ने प्रदेश सरकार की उपलब्धियां भी गिनाईं. उन्होंने कहा कि उत्तराखंड समान नागरिक संहिता लागू करने वाला देश का पहला राज्य बना है. सरकार प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण के साथ विकास और सुशासन को लेकर लगातार काम कर रही है.

मुख्यमंत्री ने सरकारी जमीनों से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई का जिक्र करते हुए कहा कि प्रदेश में सरकारी भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराने के लिए अभियान चलाया गया है. वहीं लालकुआं विधानसभा के बिंदुखत्ता क्षेत्र को राजस्व गांव का दर्जा दिए जाने की वर्षों पुरानी मांग पर भी मुख्यमंत्री ने महत्वपूर्ण बयान दिया.

उन्होंने कहा कि बिंदुखत्ता के लोग लंबे समय से इस मांग को उठा रहे हैं और सरकार इस दिशा में लगातार प्रयास कर रही है. मुख्यमंत्री के मुताबिक इस विषय पर पूर्व में केंद्र सरकार से भी बातचीत की गई है और जल्द ही इसके सकारात्मक परिणाम देखने को मिल सकते हैं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *