उत्तराखंड में 24 नवंबर को प्रवेश करेगी ‘समरसता यात्रा’, रुड़की में अनुराग ठाकुर और सीएम धामी करेंगे जनसभा

उत्तराखंड राज्य

देहरादून: उत्तराखंड में बीजेपी एक बार फिर सामाजिक समरसता के संदेश के साथ राजनीतिक रूप से अपनी ताकत दिखाने की तैयारी में है. संत शिरोमणि गुरु रविदास जी महाराज की 650वीं जयंती के अवसर पर निकाली जा रही अखिल भारतीय समरसता यात्रा 24 नवंबर को उत्तराखंड पहुंचेगी. यात्रा के स्वागत से लेकर इसके समापन तक बीजेपी ने बड़े स्तर पर कार्यक्रम आयोजित करने की तैयारी की है. खास बात यह है कि रुड़की के धनौरी में आयोजित होने वाली विशाल जनसभा में पूर्व केंद्रीय मंत्री और BJP के वरिष्ठ नेता अनुराग ठाकुर भी शामिल होंगे.

अनुराग ठाकुर के साथ मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, BJP के राष्ट्रीय और प्रदेश स्तर के कई बड़े नेता भी जनसभा को संबोधित करेंगे. BJP अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष बलवीर घुनियाल ने प्रेस वार्ता कर यात्रा के कार्यक्रम की जानकारी दी.

बीजेपी देशभर में निकाल रही समरसता संकल्प यात्रा: उन्होंने बताया कि संत रविदास जी महाराज की 650वीं जयंती के अवसर पर निकाली जा रही इस यात्रा का मुख्य उद्देश्य उनके विचारों और संदेशों को समाज के हर वर्ग तक पहुंचाना है. गुरु रविदास जी ने अपने विचारों के जरिए समानता, भाईचारे, सामाजिक एकता और मानवता का संदेश दिया था. इसी संदेश को आगे बढ़ाने के लिए देशभर में समरसता यात्रा निकाली जा रही है. उत्तराखंड में भी यात्रा का अलग-अलग स्थानों पर स्वागत किया जाएगा और लोगों को इससे जोड़ने की कोशिश की जाएगी.

उत्तराखंड में यात्रा का कार्यक्रम: निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार समरसता यात्रा 24 नवंबर को विकासनगर के कुल्हाल गेट से उत्तराखंड में प्रवेश करेगी. यहां यात्रा का भव्य स्वागत किया जाएगा. इसके बाद यात्रा हरबर्टपुर, सहसपुर, सेलाकुई, झाझरा और प्रेमनगर होते हुए देहरादून पहुंचेगी. राजधानी में अलग-अलग स्थानों पर यात्रा के स्वागत की तैयारी की गई है. इसके बाद यात्रा माजरी ग्रांट, हर्रावाला और नेपाली फार्म होते हुए ऋषिकेश पहुंचेगी.

अनुराग ठाकुर जनसभा को करेंगे संबोधित: ऋषिकेश से हरिद्वार के रास्ते यात्रा रुड़की के धनौरी पहुंचेगी, जहां विशाल जनसभा का आयोजन किया जाएगा. इस दौरान यात्रा के स्वागत के लिए पार्टी कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों को भी जिम्मेदारी सौंपी गई है. धनौरी में होने वाली जनसभा को इस यात्रा का सबसे बड़ा राजनीतिक कार्यक्रम माना जा रहा है. इसमें पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर की मौजूदगी खास रहेगी.

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के अलावा BJP के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष लाल सिंह आर्य, अनुसूचित जाति मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिवेश कुमार राम और प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट भी कार्यक्रम में शामिल होंगे. इसके साथ ही प्रदेश सरकार के मंत्री, विधायक और पार्टी के कई जनप्रतिनिधियों के भी जनसभा में पहुंचने की संभावना है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *