उत्तराखंड राज्यसभा सीट पर BJP High Command करेगा फैसला, बिना पैनल भेजे 15 नामों की सूची दिल्ली रवाना

उत्तराखंड राज्य

देहरादून। उत्तराखंड में नवंबर माह में रिक्त हो रही राज्यसभा की एक सीट पर लाटरी किसके नाम पर लगेगी, इस पर निर्णय भाजपा हाईकमान लेगा। यह तय किया गया है कि सीट के लिए प्रदेश संगठन की ओर से कोई पैनल नहीं भेजा जाएगा।

इसके स्थान पर 15 नामों की सूची भेज दी गई है। अगले वर्ष होने जा रहे विधानसभा चुनाव के समीकरणों को ध्यान में रखकर राज्यसभा के लिए नाम पर मोहर लगेगी। उधर, भाजपा के नवनियुक्त प्रदेश प्रभारी राम माधव, दो सह प्रभारियों एवं प्रदेश संगठन महामंत्री फणींद्रनाथ शर्मा के साथ दो दिवसीय दौरे पर दो अक्टूबर को उत्तराखंड आएंगे।

तीन अक्टूबर को प्रदेश भाजपा एवं पुष्कर सिंह धामी सरकार के साथ बैठक में आगामी चुनाव की रणनीति पर मंथन होगा। प्रदेश में राज्यसभा की एक सीट 25 नवंबर को रिक्त हो जाएगी। इसके लिए चुनाव कार्यक्रम तय किया जा चुका है।

छह अक्टूबर तक नामांकन होने हैं। नामांकन से पहले प्रत्याशी के चयन की मशक्कत शुरू हो चुकी है। प्रदेश कोर कमेटी की विगत शुक्रवार को बैठक राज्यसभा की एक सीट के दावेदारों के नामों पर विचार हुआ।

तब तय किया गया कि नामों का पैनल पार्टी हाईकमान को भेजा जाएगा। अब पार्टी ने रणनीति बदल दी है। प्रदेश संगठन के स्तर पर अब पैनल नहीं बनाया जाएगा।

हाईकमान के इस संबंध में निर्देश के बाद प्रदेश संगठन ने पार्लियामेंट बोर्ड से जुड़े नेताओं समेत कुल 15 नाम हाईकमान को भेज दिए हैं। इनमें से राज्यसभा की सीट पर भाग्य का पिटारा किस नाम पर खुलेगा, इस पर निर्णय हाईकमान के स्तर पर लिया जाएगा।

उधर, अगले विधानसभा चुनाव का प्रभाव राज्यसभा की सीट की दावेदारी पर भी दिखेगा। पार्टी इसके माध्यम से संतुलन साधने का प्रयास कर रही है। महिला, एससी-एसटी व युवा वर्ग के साथ ही क्षेत्रीय व सामाजिक समीकरण को भी देखा जा रहा है।

हाल ही में भाजपा के केंद्रीय संगठन में उत्तराखंड को प्रतिनिधित्व मिला है। राष्ट्रीय स्तर पर संगठन में जगह बनाने वाले, आगामी विधानसभा चुनाव में जातीय संतुलन के दृष्टिगत कुछ नामों पर गंभीरतापूर्वक विचार किया जा रहा है।

उधर, उत्तराखंड भाजपा के नवनियुक्त प्रभारी राम माधव, दो सह प्रभारी अरविंद मेनन एवं बांसुरी स्वराज के साथ ही प्रदेश महामंत्री संगठन फणींद्रनाथ शर्मा दो से तीन अक्टूबर तक देहरादून में प्रवास करेंगे।

प्रदेश प्रभारी एवं दो सह प्रभारियों का यह नई जिम्मेदारी मिलने के बाद प्रदेश का पहला दौरा होगा। प्रभारी अपनी टीम के साथ प्रदेश संगठन और सरकार के साथ बैठक कर वर्तमान तैयारी की थाह लेंगे, जबकि आगामी रोडमैप भी तैयार किया जाएगा। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सदस्य महेंद्र भट्ट ने प्रदेश प्रभारी के आगामी दौरे की पुष्टि की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *