फरीदाबाद में हुआ भाकियू एनसीआर अध्यक्ष परविंदर अवाना का जोरदार स्वागत
किसानों के मुद्दों पर संगठन विस्तार और आंदोलन की चेतावनी

फरीदाबाद, हरियाणा भारतीय किसान यूनियन एनसीआर अध्यक्ष परविंदर अवाना ने फरीदाबाद के नीमका, बडोली, तिगांव और भिकम कॉलोनी बल्लभगढ़ सहित अन्य स्थानों पर संगठन के विस्तार को लेकर बैठकें कीं। इन बैठकों में भाकियू पदाधिकारी के आगमन पर ग्रामवासियों ने ढोल-नगाड़ों और पुष्पवर्षा के साथ जोरदार स्वागत किया। लोगों ने उन्हें मालाओं से सम्मानित किया, जिससे कार्यक्रम में हर्ष और उमंग का माहौल बन गया।
परविंदर अवाना ने इस दौरान उपस्थित लोगों को भाकियू संगठन की ताकत और महत्व के बारे में जागरूक किया और सैकड़ों लोगों को टिकैत संगठन की सदस्यता दिलाई। उन्होंने कहा कि संगठन का विस्तार किसानों की समस्याओं के समाधान के लिए अत्यंत आवश्यक है।
बैठक के दौरान कई क्षेत्रीय समस्याओं पर गंभीर चर्चा की गई। इनमें हरियाणा अर्बन डेवलपमेंट अथॉरिटी (हुड्डा) द्वारा किसानों की पुरानी आबादियों को तोड़कर सेक्टर 80 बडोली और सेक्टर 75 प्रहलादपुर में प्लॉटिंग स्कीम लागू करने का मुद्दा प्रमुख था। किसानों ने शिकायत की कि बीपीटीपी कंपनी द्वारा अवैध उगाही और भ्रष्टाचार के माध्यम से जमीनों को कम दामों में अधिग्रहित किया जा रहा है। इसके अलावा, नगर निगम द्वारा पानी की सप्लाई के लिए अवैध समर सीवर चार्ज और 1952 के लाल डोरा का हवाला देकर ₹600 प्रति गज के हिसाब से डेवलपमेंट चार्ज मांगे जाने पर भी नाराजगी जताई गई।
परविंदर अवाना ने अपने संबोधन में कहा, “जमीन हमारी मां है और हुड्डा को इसके साथ खिलवाड़ करने नहीं देंगे। हम जल्द ही इस मुद्दे पर अपने शीर्ष नेतृत्व के साथ बैठक करेंगे। यदि बैठक सौहार्दपूर्ण नहीं होती है, तो भारतीय किसान यूनियन फरीदाबाद में बड़े पैमाने पर आंदोलन करेगी। किसानों का उत्पीड़न किसी भी हद तक बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।”
इस कार्यक्रम में जिला अध्यक्ष भारत किसान यूनियन गौतम बुध नगर अशोक भाटी, एनसीआर महासचिव अमित चौधरी, सोनू अंबावता, विपिन प्रधान, सिंहराज गुर्जर, हरीश विकल, प्रशांत बेसोया, दीपक नागर, देवेंद्र नागर चेयरमैन, जगबीर सरपंच, धर्मपाल नागर, रिचपाल नागर, ताराचंद नागर, हरिश्चंद्र नागर, प्रकाश लोहिया सहित सैकड़ों लोग उपस्थित रहे। सभी ने एकजुट होकर किसानों के हितों के लिए लड़ाई लड़ने का संकल्प लिया।
भाकियू के इस संगठनात्मक विस्तार और किसानों के हितों की रक्षा के लिए उठाए गए कदमों ने फरीदाबाद क्षेत्र में एक नई ऊर्जा और उम्मीद जगा दी है। अब सभी की निगाहें आगामी बैठक पर हैं, जहां निर्णय लिया जाएगा कि किसानों के हितों की रक्षा के लिए कौन से ठोस कदम उठाए जाएंगे।
