उत्तराखंड चुनाव की सुगबुगाहट तेज: देहरादून में आज भाजपा की हाई-लेवल बैठक, राष्ट्रीय नेतृत्व तय करेगा चुनावी रोडमैप

उत्तराखंड राज्य

देहरादून। उत्तराखंड में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा ने संगठनात्मक तैयारियों को धार देना शुरू कर दिया है। संगठन की अब तक की तैयारियों की समीक्षा के लिए रविवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय में प्रदेश स्तरीय संगठनात्मक बैठक आयोजित होगी।

इसमें मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं उत्तराखंड प्रदेश प्रभारी राम माधव, प्रदेश सह प्रभारी अरविंद मेनन, प्रदेश सह प्रभारी एवं नई दिल्ली से लोकसभा सांसद बांसुरी स्वराज और भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री (संगठन) बीएल संतोष शामिल होंगे।

बैठक में आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर पार्टी की अब तक की तैयारियों का आकलन किया जाएगा। संगठन स्तर पर तय किए गए लक्ष्यों की प्रगति, पार्टी के कार्यक्रमों और संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा के साथ चुनाव से पहले की प्राथमिकताओं पर चर्चा होगी।

राष्ट्रीय नेतृत्व प्रदेश संगठन से तैयारियों का फीडबैक लेगा और आगे की रणनीति को लेकर दिशा-निर्देश देगा। बैठक का एक प्रमुख एजेंडा चुनाव तक संगठन की गतिविधियों को किस तरह गति दी जाए, इसे लेकर कार्ययोजना तैयार करना होगा।

पार्टी की बूथ स्तर तक सक्रियता, संगठन और सरकार के बीच समन्वय तथा आगामी राजनीतिक कार्यक्रमों की रूपरेखा पर भी चर्चा होने की संभावना है। इसके अलावा चुनावी तैयारियों के लिए अलग-अलग स्तर पर जिम्मेदारियां तय करने और निर्धारित समयसीमा में संगठनात्मक लक्ष्यों को पूरा करने पर भी मंथन होगा।

राष्ट्रीय नेतृत्व की मौजूदगी में होने वाली इस बैठक के जरिए भाजपा आगामी विधानसभा चुनाव के लिए संगठन की तैयारियों को एक स्पष्ट रोडमैप देने की दिशा में काम करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *