हरेला पर कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने किया पौधारोपण, दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

उत्तराखंड राज्य

पिथौरागढ़। उत्तराखंड के लोकपर्व हरेला के अवसर पर कुमाऊं रेजीमेंट की 130 इन्फैंट्री बटालियन (टीए) की ओर से वरदानी पार्क में पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने पौधा लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया और लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनकी देखभाल करने का आह्वान किया।

कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि उत्तराखंड की समृद्ध सांस्कृतिक परंपरा में हरेला केवल एक लोकपर्व नहीं, बल्कि प्रकृति के प्रति आस्था, संवेदनशीलता और जिम्मेदारी का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि यह पर्व पर्यावरण संरक्षण, हरियाली बढ़ाने और आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ एवं सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित करने की प्रेरणा देता है। उन्होंने सभी नागरिकों से अपने जीवन में कम से कम एक पौधा लगाने और उसके वृक्ष बनने तक नियमित देखभाल करने की अपील की।

वरदानी पार्क में पौधरोपण के बाद मंत्री सहित अन्य अतिथियों ने पर्यावरण पार्क में भी विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए। इस दौरान सभी ने पर्यावरण संरक्षण, जैव विविधता के संवर्धन और हरित उत्तराखंड के निर्माण का सामूहिक संकल्प लिया।

कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष गिरीश जोशी, राज्य मंत्री (दर्जा प्राप्त) गणेश जोशी, जिला पंचायत अध्यक्ष जितेंद्र प्रसाद, मेयर कल्पना देवलाल, भाजपा प्रदेश मंत्री दीपिका बोहरा, जिला महामंत्री इंदर लुंठी, भाजपा युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष दीपक लोहिया, जिलाधिकारी आशीष भटगांई, प्रभागीय वनाधिकारी आशुतोष सिंह, 130 इन्फैंट्री बटालियन (टीए) के कर्नल गौरव नेगी, पुलिस अधीक्षक अक्षय प्रहलाद कोंडे सहित अनेक जनप्रतिनिधि, सैन्य अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *